
Temporary market of Pan Fenugreek will be built on Nagaur-Mundwa road
नागौरी पान मैथी (कसूरी मैथी) की खरीद को लेकर व्यापारियों व किसानों के बीच चल रहे विवाद का आखिरकार शुक्रवार को समाधान हो गया। नागौर कृषि उपज मंडी सभागार में मंडी सचिव की मध्यस्थता में किसानों व व्यापारियों के प्रतिनिधि मण्डल की बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्षों ने सर्वसहमति से निर्णय लिया कि जब तक मूण्डवा में पान मैथी मण्डी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक नागौर- मूण्डवा रोड पर अठियासर फ्लाईओवर के पास अस्थायी मण्डी बनाकर मैथी की खरीद की जाएगी।
दोपहर दो बजे तक पहुंचना होगा मण्डी
बैठक में निर्णय लिया कि प्रत्येक सोमवार से शनिवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मण्डी परिसर में पहुंचने वाले किसानों की फसल ही खरीदी जाएगी। वहीं खुली बोली का समय शाम साढ़े 5 बजे तक निर्धारित किया गया। इस समय के दौरान कोई भी व्यापारी मण्डी परिसर से बाहर पान मैथी की खरीद नहीं कर सकेगा।
मण्डी प्रशासन रहेगा मौजूद
कृषि मण्डी सचिव रघुनाथराम सिंवर ने बताया कि पान मैथी खरीद के दौरान मण्डी प्रशासन मौके पर मौजूद रहेगा। पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर किसानों को टोकन दिए जाएंगे। टोकन नम्बर के अनुसार ही पान मैथी की तुलाई होगी। फसल की गुणवत्ता के आधार पर भाव तय होंगे।
ऐसे होगी खरीद
व्यापार मण्डल के निर्धारित दो व्यक्ति पान मैथी के सेम्पल एकत्र करेंगे। उसके पश्चात व्यापारी मिलकर खुली बोली लगाएंगे। बोली के बाद खरीदार व्यापारी के गोदाम तक फसल पहुंचाने का जिम्मा किसान का होगा। पान मैथी के तौल में शुद्ध वजन अंकित किया जाएगा, यानी राउण्ड फिगर की बजाए ग्राम भी जोडऩे होंगे। रेत-मिट्टी का काटा करदा किसान व व्यापारी मिलकर तय करेंगे।
ये रहे मौजूद
बैठक के दौरान कृषि मण्डी सचिव सिंवर के साथ भारतीय किसान यूनियन नागौर के जिलाध्यक्ष अर्जुनराम लामरोड़, पान मैथी व्यापार मण्डल के अध्यक्ष रामस्वरूप चांडक, एमडीएच के सुरेश राठी, किसान कालूराम लामरोड़, छोटूराम रोज, रामनिवास भालिया, जस्साराम छाबा, मानाराम मुण्डेल, कपिल छाबा, दीपक लामरोड़, शिवदानराम, प्रकाश डूकिया, शिवदान डूकिया सहित कई किसान व व्यापारी मौजूद रहे।
Published on:
08 Dec 2023 08:40 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
