नागौर. राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े गुरुवार को नागौर पहुंचे। यहां पर जिला परिषद में अधिकारियों के साथ हुई मीटिंग योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 बेहतर क्रियान्वयन करने के साथ ही भावी पीढ़ी को बौद्धिक रूप से सुदृढ़ करने का काम करें। बच्चों के बौद्धिक रूप से समक्षम होने पर निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने अधिकाधिक पौधे लगाने पर बल देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण को संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेगा। राज्यवृक्ष खेजड़ी का भी संरक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति दिए जाने के लिए अधिकाधिक लोगों को रेाजगार उपलब्ध कराना चाहिए। इसमें भी क्षेत्रीय विशेषताओं को प्रोत्साहन मिलेगा तो रोजगार के असवर भी ज्यादा अच्छे निकलेंगे।
एक भी बच्चा स्कूल से बाहर नहीं होना चाहिए
राज्यपाल बागड़े ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर नहीं रहना चाहिए। इसके साथ पीएम सूर्यघर योजना में किसानों के साथ ही आमजन को अधिकाधिक रूप से जोडऩे का काम होना चाहिए। खेतों में अधिकाधिक सौर ऊर्जा संयन्त्र लगने चाहिए। ताकि कृषि के साथ ही किसानों की स्थिति और भी बेहतर हो सके। खरीद केन्द्रों पर फसलों के बेचान के लिए काश्तकारों को प्रोत्साहित करना चाहिए। इसके अलावा कृषि, विपणन, उद्यानिकी व बैंकों आदि की विभागीय योजनाओं की जानकारी भी आम तक पहुंचनी चाहिए। राज्यपाल बागड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही लंबित कनेक्शनों को भी जल्द जारी किया जाए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वामित्व योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, महात्मा गांधी नरेगा योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राजीविका, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड, किसान सम्मान निधि सहित जल जीवन मिशन एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की।
राज्यपाल को स्मृति चिह्न
राजस्थान राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे के पहुंचने पर सर्किट हाउस में किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, जनप्रतिनिधि डॉ ज्योति मिर्धा, जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित व पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने राज्यपाल का स्वागत किया। पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। जिला परिषद सभागार में जिला कलक्टर पुरोहित ने राज्यपाल बागडे को पंच गौरव से जुड़े उत्पाद के स्मृति-चिन्ह भेंट की। इस मौके पर राज्यपाल ने राजस्थान को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि यहां के शूरवीरों ने अपने बलिदान से मातृभमि की रक्षा की है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के संकल्प पर बल दिया।
महिला समूहोंं को करें लाभान्वित
राज्यपाल बागड़े ने राजीविका महिलाओं को विभिन्न ऋण योजनाओं में लाभान्वित करने के लिए कहते हुए कहा कि महानरेगा योजना अंतर्गत सुदूर गांवों- ढाणियों में सडक़ों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करें। इसी के साथ महानरेगा में श्मशान व जोहड़ विकास कार्यों पर फोकस करें। वाटरशेड कार्यों में वर्षा जल संरक्षण करते हुए भूजल स्तर बढ़ाने के लिए प्रयास करें। बैठक में जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस, एडीसी प्रवीण नायक नूनावत, सीईओ रविन्द्र कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।