scriptअफेयर, नौकरी और मर्डर… वसई के आरती हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी, पुलिस पर भी आरोप | Vasai murder Rohit Yadav brutally murdered ex-girlfriend Aarti Yadav inside story | Patrika News
मुंबई

अफेयर, नौकरी और मर्डर… वसई के आरती हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी, पुलिस पर भी आरोप

Vasai Murder : वसई में मंगलवार सुबह एक व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े 20 वर्षीय लड़की की हत्या से सनसनी फ़ैल गई। कुछ दिन पहले ही पीड़िता ने आरोपी से ब्रेकअप किया था।

मुंबईJun 18, 2024 / 08:36 pm

Dinesh Dubey

Vasai Aarti Yadav Murder
Vasai Aarti Yadav Murder Case : मुंबई के करीब वसई शहर से एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक सिरफिरे आशिक ने दिनदहाड़े बीच सड़क पर 20 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक लड़की आरती यादव (Aarti Yadav) ने हाल ही में आरोपी रोहित यादव (Rohit Yadav) से ब्रेकअप कर लिया था।
यह भी पढ़ें

अफसर बहू निकली ससुर की कातिल! प्रॉपर्टी पाने के लिए कार से कुचलवाया, 1 करोड़ रुपये किए खर्च

30 सेकंड में 15 वार!

पुलिस ने बताया कि वसई में एक शख्स ने सड़क पर अपनी गर्लफ्रेंड के सिर पर लोहे के रिंच से महज 30 सेकंड में 15 बार वार करके बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना वसई (पूर्व) के चिंचपाड़ा इलाके में मंगलवार सुबह करीब 9.45 बजे हुई।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आरती पर रोहित बड़ी लोहे की रिंच से पीछे से हमला करता है। जिससे आरती सड़क पर गिर जाती है। इसके बाद रोहित उस पर रिंच से तब तक हमला करता है, जब तक वह दम नहीं तोड़ देती।

…तो बच जाती आरती की जान

वारदात के समय वहां से दर्जनों लोग गुजरे, लेकिन सब तमाशबीन बने रहे। हालांकि एक प्रत्यक्षदर्शी ने रोहित को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसके सिर पर खून सवार था। उसने उस शख्स पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे वह डरकर चले गया। हालांकि तब तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन कोई भी 20 वर्षीय आरती यादव को बचाने के लिए आगे नहीं आया।
पुलिस ने कहा कि यदि प्रत्यक्षदर्शी रोहित को रोकने का प्रयास करते तो आरती की जान बच सकती थी। आरती के सिर, चेहरे, गर्दन और सीने पर गंभीर चोट लगी है। आरती उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और आरोपी रोहित हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है।

‘क्यों किया मेरे साथ ऐसा…’

मंगलवार सुबह (18 जून) आरती वसई में एक निजी कंपनी में काम करने के लिए अपने घर से निकली। तभी रोहित वहां आ गया और उससे पूछने लगा कि उसका किस लड़के के साथ चक्कर चल रहा है। इसके बाद जब आरती जाने लगी तो रोहित ने अपने हाथ में लिए बड़े रिंच से उसके सिर पर बार-बार वार किया। रोहित खून से लथपथ आरती के शव के करीब बैठा रहा। कुछ देर बाद वालिव पुलिस आई और घटनास्थल से उसे गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
रिंच से हमला करने के दौरान रोहित कह रहा था, “क्यों किया ऐसा मेरे साथ”। आरोपी ने इंडस्ट्रियल पाना (रिंच) से आरती यादव पर करीब 16 बार वार किया। आरती 12वीं तक पढ़ी है। कहा जा रहा है कि आरोपी ने ही उसे यह नौकरी दिलवाई थी।

शक की वजह से हैवान बना प्रेमी

पुलिस के मुताबिक, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित और आरती पिछले 3 साल से रिलेशनशिप में थे। रोहित को अचानक उसपर संदेह हुआ कि वह उसे धोखा दे रही है और किसी दूसरे लड़के के साथ रिलेशनशिप में है। इसको लेकर दोनों में कई बार झगड़ा भी हुआ और अंत में आरती ने ब्रेकअप कर लिया। कथित तौर पर रोहित इसी को लेकर गुस्से में था और आरती को मार डाला।

पुलिस ने कार्रवाई नहीं की- आरती की बहन

मृतक आरती यादव की बहन सानिया यादव ने आरोप लगाया कि रोहित पिछले तीन-चार दिनों से उसकी बहन को परेशान कर रहा था। शनिवार को उसने आरती की पिटाई की थी. आरती का मोबाइल तोड़ दिया था। सानिया ने बताया कि परिवार ने पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने रोहित के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया था। सानिया ने कहा कि वह अपनी बहन आरती यादव को इंसाफ दिलाकर रहेगी।
वालिव पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। फिलहाल घटना की आगे की जांच चल रही है।

Hindi News/ Mumbai / अफेयर, नौकरी और मर्डर… वसई के आरती हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी, पुलिस पर भी आरोप

ट्रेंडिंग वीडियो