मुंबई

7 पिस्टल, 21 कारतूस… बड़ी हस्ती की हत्या के लिए मुंबई आये थे 5 शूटर, पुलिस ने दबोचा

Mumbai Crime : मुंबई में एक बड़े गैंगस्टर से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से सात पिस्टल, 21 जिंदा कारतूस, मोबाइल हैंडसेट, दो सिम कार्ड और एक डोंगल बरामद हुआ है।

2 min read
Apr 03, 2025

मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक बड़े गैंगस्टर के इशारे पर हत्या की साजिश रच रहे 5 शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सात पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से मुंबई आये थे और उनके निशाने पर कोई बड़ी शख्सियत थी। आरोपियों के लॉरेंस बिश्नोई गिरोह (Lawrence Bishnoi Gang) से संबंध होने का संदेह है। फ़िलहाल इसकी पुष्टि करने के लिए अधिकारी जांच कर रहे है।

गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई

मुंबई पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में एक हाई-प्रोफाइल शख्स की हत्या की साजिश रची जा रही है। क्राइम ब्रांच ने इस सूचना को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। यह टीम आरोपियों पर नजर बनाये हुए थी।

होटल से पकड़े गए आरोपी

क्राइम ब्रांच के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरोह का एक सदस्य अंधेरी के प्लैटिनम होटल के कमरा नंबर 16 में ठहरा हुआ है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने वहां छापा मारा और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस गिरोह को मुंबई में किसी चर्चित हस्ती की हत्या के लिए भेजा गया था और उन्होंने पूरी योजना भी बना ली थी। अंधेरी के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 55, 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि इस साजिश के पीछे कौन सा गैंगस्टर है और उसका नेटवर्क कितना फैला हुआ है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं। हालांकि मुंबई क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई से शहर में बड़ी वारदात टल गई है।

Updated on:
03 Apr 2025 03:20 pm
Published on:
03 Apr 2025 03:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर