scriptपुणे में दर्दनाक हादसा! मजदूरों पर गिरी कांच की पेटियां, 4 की मौत, 3 घायल | 4 died after glass consignment falls on workers in Yevlewadi Pune | Patrika News
मुंबई

पुणे में दर्दनाक हादसा! मजदूरों पर गिरी कांच की पेटियां, 4 की मौत, 3 घायल

Pune Accident News : स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है और घटना की जांच फिलहाल चल रही है।

मुंबईSep 29, 2024 / 06:49 pm

Dinesh Dubey

महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार दोपहर में हुए दर्दनाक हादसे में कम से कम चार मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए है। पुणे फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने कहा कि कांच की भारी पेटियों के निचने दबने से मजदूर गंभीर तौर पर घायल हो गए थे।
पुणे के कात्रज (Katraj) के येवलेवाडी (Yewalewadi) इलाके में एक कांच मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में रविवार को यह दुखद हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि घटना तब हुई जब मजदूर हेवी-ड्यूटी ग्लास की खेप को एक ट्रक से उतार रहे थे। तभी मजदूरों पर कई टन वजन की कांच की पेटियां गिर गई।
यह भी पढ़ें

व्हेल मछली की उल्टी की कीमत 6 करोड़! 3 तस्कर गिरफ्तार, जानें क्यों हैं इतनी महंगी?

कोंढवा (Kondhwa) फायर स्टेशन के अधिकारी समीर शेख (Samir Shaikh) के मुताबिक, डेढ़ से पौने दो बजे के करीब हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली। येवलेवाडी में एक कांच का गोडाउन है, जहां पर ट्रक से कांच अनलोड करते समय कुछ लोग दब गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कुछ लोग कांच की बड़ी-बड़ी पेटियों के नीचे दबे हुए थे। फिर मौके पर रेस्क्यू वैन और क्रेन मंगवाया हुआ। क्रेन की मदद से कांच की पेटियों को हटाया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम पांच घायल मजदूरों को बचाने में कामयाब रही और उन्हें इलाज के लिए तुरंत एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि कांच की पेटियों का वजन काफी अधिक था। एक कांच की पेटी का वजन तकरीबन दो से ढ़ाई टन था। फायर ब्रिगेड ने क्रेन की मदद से उन्हें हटाया और पीड़ितों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
पुणे सिटी पुलिस के अधिकारी ने बताया कि इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हुए है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है और घटना की जांच फिलहाल चल रही है।

Hindi News / Mumbai / पुणे में दर्दनाक हादसा! मजदूरों पर गिरी कांच की पेटियां, 4 की मौत, 3 घायल

ट्रेंडिंग वीडियो