उत्तर प्रदेश से शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के मैनपुरी में दुष्कर्म से नामकाम झोलाछाप ने महिला की हत्या कर दी।
मैनपुरी सगामई में झोलाछाप ने घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहने पर महिला को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इससे महिला की हालत बिगड़ गई। सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। महिला के भाई ने हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने झोलाछाप को गिरफ्तार कर लिया है।
एटा के नया गांव थाना क्षेत्र के अगहत सराय निवासी राजवीर सिंह पुत्र रामप्रकाश ने एलाऊ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उसने पुलिस को बताया कि 10 साल पहले उसकी बहन रामकली की शादी एलाऊ के सगामई निवासी देवीदयाल के साथ हुई थी। रामकली के घर के सामने झोलाछाप दुर्विजय सिंह पुत्र लाखन सिंह का मकान है। पिछले दो वर्षों से दुर्विजय उसकी बहन को परेशान कर रहा था।
4 दिसंबर को बहन का पति देवीदयाल घर पर नहीं था। तभी दुर्विजय घर में घुस आया और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर महिला को जबरन जहरीली दवा खिला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका चार बच्चों की मां थी। मामले में जांच की जा रही है।