bell-icon-header
महोबा

भाजपा नेता की संदिग्ध मौत का खुलासा, अस्पताल ले जाने के दौरान सिपाही ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी लूट

महोबा में भाजपा नेता को अस्पताल ले जाने के दौरान सिपाही ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सोने की चेन, चार अंगूठियां और दो मोबाइल लूट लिए थे। यह तीनों आरोपी पकड़ लिए गए हैं।

महोबाSep 18, 2024 / 09:40 pm

Anand Shukla

उत्तर प्रदेश के महोबा में बीते दिनों भाजपा नेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। भाजपा नेता सड़क हादसे में घायल हो गए थे और फिर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। महोबा पुलिस अधीक्षक ने 24 घंटे के अंदर इस घटना के दौरान हुई लूट का खुलासा कर दिया है। लूट में तीन लोग शामिल थे, जिसमें एक पुलिस का ही सिपाही था।
घायल भाजपा नेता को अस्पताल ले जाने के दौरान सिपाही ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर भाजपा नेता की सोने की चेन, चार अंगूठियां और दो मोबाइल लूट लिए थे। यह तीनों आरोपी पकड़ लिए गए हैं और इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इलाज के दौरान भाजपा नेता की हो गई थी मौत

महोबा के चरखारी कोतवाली कस्बा के भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सचिन पाठक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सचिन महोबा रोड पर खून से लथपथ पड़े मिले थे। हालांकि, जिन हालातों में यह मौत हुई उसके बाद नेता के परिजनों ने लूट के बाद हत्या करने की आशंका जताई थी। भाजपा नेता का मोबाइल, अंगूठियां, चेन गायब थे।

पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए गठित की थी टीम

इसके बाद योगी सरकार के राज्य मंत्री राकेश राठौर सहित विधायक, पूर्व सांसद और कार्यकर्ताओं ने मामले के जल्द से जल्द खुलासे की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। खुलासे के बाद पता चला है कि डायल 112 में ड्यूटी कर रहे पीआरवी के सिपाही नीलकमल ने इस लूट को अंजाम दिया था। इस दौरान उसके साथ दो अन्य साथी भी थे।

लूटपाट में सिपाही भी था शामिल

भाजपा नेता की चीजों को लूटने के बाद सिपाही ने अपने दोनों साथियों को भगा दिया और खुद नेता को लेकर अस्पताल चला गया। जहां इलाज के दौरान भाजपा नेता ने दम तोड़ दिया था। जानकारी के अनुसार भाजपा नेता सचिन पाठक रेलवे स्टेशन से वापस घर लौटते हुए सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। वह गंभीर रूप से घायल थे। उनको एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया था।
यह भी पढ़ें

शौक पूरा करने का चढ़ा खुमार, चुराने लगा बाइक, पुलिस ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी सिपाही को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी सिपाही नीलकमल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया, इस घटना में मृतक के परिजनों द्वारा लूट और हत्या की आशंका व्यक्त की गई थी और तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग भी पंजीकृत किया था। मामले के खुलासे में पता चला कि मदद के लिए पहुंची पीआरवी में तैनात कांस्टेबल ने अपने दो साथियों के मिलकर नेता की चीजों को लूटा था।”
पलाश बंसल ने बताया कि सिपाही के दो साथी उमेश चंद्र गुप्ता और जवाहर पाटकार हैं। जब इन तीनों अभियुक्तों से पूछताछ की गई तो घटना का खुलासा हो गया और भाजपा नेता से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया।

संबंधित विषय:

Hindi News / Mahoba / भाजपा नेता की संदिग्ध मौत का खुलासा, अस्पताल ले जाने के दौरान सिपाही ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी लूट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.