मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह में गर्मी और बढ़ेगी और दिन में लू चलने की संभावना है। रात का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जा रही है और जरूरी होने पर ही 11 बजे के बाद घर से बाहर निकलने की चेतावनी दी गई है।
शुक्रवार से गर्मी ने फिर से प्रचंड रूप ले लिया है। लखनऊ का तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन यह 44 डिग्री सेल्सियस के समान महसूस हो रहा है। सड़कें इतनी गर्म हो गई हैं कि दोपहर में पिघलने की स्थिति में आ गईं। लोग घरों और ऑफिसों में छांव में रहने को मजबूर हैं। पशु-पक्षी भी छांव की तलाश कर रहे हैं।
दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर वही लोग नजर आ रहे थे जिन्हें बाहर जाना बहुत जरूरी था। दोपहर 2 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा छा गया था। इस भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग अधिकतर समय घरों के अंदर ही बिता रहे हैं।