
Kashmir and Kashmiri mohalla of Lucknow, very happy to listen topic
Anil K. Ankur
लखनऊ। दिल्ली में उच्च सदन और निम्र सदन में एक साथ धारा 370 व 35 ए में संशोधन का बिल पास हुआ। राष्ट्रपति ने भी सहमति दे दी। कश्मीर से धारा 370 हटेगी और लोग वहां जमीन खरीद सकेंगे। कश्मीर के बाबत हुए इस फैसले से पूरा यूपी तो खुश था ही, पर लखनऊ के कश्मीरी मोहल्ले में भी खासी खुशी देखी गई। लोग वहां मिठाई बाट रहे थे। एक दूसरे को बधाई दे रहे थे। कल्लन मेहताब ने मिठाई खिलाते हुए कहा अम्मीजान अब हम वहां भी प्लाटिंग करेंगे।
काफी लम्बे अरसे पहले कश्मीर से भगाए गए तमाम हिन्दू और मुसलमानों को लखनऊ में अलग अलग बसाया गया था। यहां का कश्मीरी मोहल्ला भी इसी का एक हिस्सा है। यह बात दूसरी है कि लम्बे समय से यहां रह रहे परिवार अब लखनऊआ भले ही हो गए हों, लेकिन दिल से वे अभी कश्मीरी हैं। रियल स्टेट में प्लाटिंग का धंधा करने वाले
कल्लन मेहताब भी इसीलिए खुश हैं कि उनके पूर्वज जिस जमीन को छोड़कर आए थे अब वे वहां जमीन का कारोबार कर पाएंगे।
सचिवालय में आज काम का माहौल बिल्कुल नहीं दिखा। अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक के कमरों में कश्मीर ही छाया हुआ था। यही कारण है कि हर आदमी इस पूरी कवायद को अपने हिसाब से देख रहा था। सचिवालय संघ के नेता यादुवेन्द्र मिश्र ने कहा कि यह बहुत ही आवश्यक था। अब पाकिस्तान को भारत के बारे में सोचना होगा। वहां कोई भी आदमी अपनी मर्जी से अब तक घूम नहीं पाता था, अब ऐसा नहीं होगा। नगर निकाय कामगार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अबरार हुसैन कहते हैं कि पड़ोसी मुल्क कश्मीर में अवैध कब्जा करने की नियत रखता था। भारत सरकार ने उसे बता दिया कि अब यह इतना आसान नहीं होगा।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पहले तो काफी देर तक सन्नाटा रहा। पार्टी ने सदन की कार्यवाही देखते रहे। मीडिया वालों को बाइट भी देने से मना कर दिया। इसी बीच पार्टी के बड़े नेता का फोन आया तो कार्यालय में खुशियां मनाई गईं। बगल में रालोद के दफ्तर में बैठे राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने कहा कि कश्मीर के मुद्दे पर पार्टी पहले से ही अपनी राय दे चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे कश्मीर के सेव व अन्य उत्पादों के किसानों को पूरा लाभ उनकी पार्टी दिलाने की कोशिश करेगी।
वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन ने कहा कि यह बहुत ही खुशी का क्षण है जब हमारे देश का हिस्सा होते हुए भी हम उसे अपना नहीं कह पा रहे थे और आज उसे हम अपना एक पार्ट अधिकारिक तौर पर मान रहे हैं। यह पूछे जाने पर इसका हाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में कितना लाभ किसे मिलेगा, का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को इसका लाभ मिलने की ज्यादा संभावना है। पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में चुनाव होने जा रहे हैं। यूपी में उप चुनाव हैं। भाजपा लाभ की स्थिति में दिख रही है।
सीए प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि कश्मीर के लिए हम सपने में सोचते थे, लेकिन आज सपना सच हो गया। व्यापारी रवी बाली ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कुछ लोग ही नहीं बल्कि समूचा भारतवासी खुश है।
Published on:
05 Aug 2019 03:58 pm

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
