आपको सबसे पहले पढ़ाई के लिए एक योजना बना लेना चाहिए, कि आप प्रतिदिन खुद से कितने घंटे की पढ़ाई करेंगे। जिन विषयों में आप कमजोर हैं उनके लिए ज्यादा समय रखें। साथ ही साथ हिंदी और अंग्रेजी जैसे स्कोरिंग विषयों को भी समय दें। कई बार छात्र इन्हें आसान समझकर इनकी उचित तैयारी नहीं करते हैं और इससे उनके अंक प्रभावित होते हैं।
परीक्षा की तैयारी के लिए सही किताबों का चयन भी बेहद जरूरी है। अंतिम समय में कई किताबों से पढ़ने की बजाए एक किताब पर ही अच्छे से फोकस करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। सीबीएसई बोर्ड के छात्रों के लिए एनसीईआरटी की पुस्तकें बोर्ड परीक्षा के लिहाज से सबसे उपयुक्त होती हैं। वहीं अन्य बोर्ड के छात्रों के लिए उनकी संबंधित बोर्ड की किताबें बेस्ट होती हैं।
हमेशा से कहा जाता है कि परीक्षाओं की तैयारी के लिए नोट्स बनाना बेहद प्रभावी होता है। महत्वपूर्ण प्वाइंट्स हमेशा नोट करके रख लेना चाहिए, क्योंकि उन्हीं से ज्यादा प्रश्न आते हैं। नोट्स बनाने से समय-समय पर उनका रिवीजन करने में आसानी होती है, जोकि एग्जाम के समय काफी फायदेमंद होता है।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी में सैंपल और पिछले सालों के पेपर बड़ी मदद करते हैं। इनको हल करने से आपको पता चलता है कि परीक्षा में किस प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। सीबीएसई, 10वीं, 12वीं परीक्षा के सैम्पल पेपर वेबसाइट पर उपलब्ध किए जाते हैं। इसके अलावा, बोर्ड परीक्षा के पिछले 2-4 सालों के पेपर भी हल करने चाहिए।