कोटा

Rajasthan Weather : भीषण गर्मी और लू के बीच छाए बादल व हुई बूंदाबांदी

गर्म हवा के थपेड़ों से बचने के लिए लोगों ने दोपहर में घरों में ही रहना मुनासिब समझा।

2 min read
Apr 09, 2025

हाड़ौती अंचल में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। कोटा शहर में जहां तेज धूप और लू के चलते लोग गर्मी से बेहाल रहे, वहीं दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में बादल छाए व हल्की बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर उमस और तपिश ने लोगों को परेशान किया। गर्म हवा के थपेड़ों से बचने के लिए लोगों ने दोपहर में घरों में ही रहना मुनासिब समझा।

कोटा शहर के साथ जिले के सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छाए और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि यह बारिश तापमान में खास गिरावट नहीं ला सकी। दरअसल, सुबह से ही गर्मी के तेवर शुरू हो गए थे, 11 बजे तक पारा 37 डिग्री पहुंच गया था। दोपहर में बादल छाए और बूंदाबांदी हुई। वातावरण में धूल-मिट्टी जमी रही। दोपहर बाद वापस मौसम खुला और तेज धूप खिलने से लोग पसीने से तरबतर होते रहे।

दिन के साथ अब रातें भी तप रही

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस कारण रातें भी तप रही हैं। गर्म हवा की गति 7 किलोमीटर प्रति घंटे रही।

केशवरायपाटन व कापरेन में अंधड़

बूंदी जिले में मौसम का मिजाज बदला रहा। बूंदी, नोताड़ा व कापरेन में बूंदाबांदी होने से किसानों की चिंता बढ़ गई। केशवरायपाटन में तेज अंधड़ चला। बाद में हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह से सूर्यदेव तमतमाते रहे। तीखी धूप से लोग बचने का जतन करते रहे। अधिकतम तापमान 43 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बदलेगा मौसम

जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, आगामी 24 घंटे में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कोटा संभाग में 10 व 11 अप्रेल को बादल छाए रहेंगे। 12 को बारिश की संभावना है। 13, 14 व 15 को भी बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन 14-15 अप्रेल से पुनः तापमान में बढ़ोतरी होने तथा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में एक और नया हीटवेव का स्पेल शुरू होने की संभावना है।

Also Read
View All

अगली खबर