छतरपुर. लवकुशनगर थाना क्षेत्र के रेखा सुमेडी गांव लौट रही बारात से भरी बस महाराजपुर थाना क्षेत्र के पास पुर तिराहा पर बाइक को बचाने के दौरान १० फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना में एक बाराती की मौत हो गई। वहीं ८ घायल हो गए। वहीं बस में फंसे लोगों को निकालने के दौरान दो पुलिस कर्मी भी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार लवकुशनगर थाना क्षेत्र के रेखा सुमेडी गांव निवासी बंशकार समाज बारात शुक्रवार को पिड़पा कलानी गांव आई थी। जहां पर शादी के बाद शनिवार को विदाई करा कर बस क्रमांक एमपी ३५ जी 0154 से बारात वापस अपने गांव लौट रही थी। दोपहर करीब २.३० बजे बस जैसे ही महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुर तिराहा पर पहुंची तभी सामने आई बाइक को बचाने के दौरान बस में क्षमता से अधिक बाराती होने से अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। जिससे बारातियों में चीख पुकार मच गई। लोग कांच और खिड़कियों को तोड़कर बाहर निकालने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। साथ ही लोगों को बाहर निकाला गया। इस घटना में बस सवार मृतक महेष्वरी बसोर निवासी गुरमहिरिया की मौत हो गई। जबकि राकेश बसोर (४०), राजेश कुमार (२८), अशोक (२३) निवासी जियोराहा, दीनदयाल (४२), भवानीदीन (३७), अतुल (१०), मिजाजी (५०), शिवम (५) सहित ८ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिसमें एंबुलेंस द्वारा इलाज के लिए महाराजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि मिनी बस में ३२ सीटों के स्थान पर लगभग 60 बाराती बस में सवार थे।
घटना से पहले हुआ विवाद, ड्राइवर शराब पीकर चला रहा था बस
ड्राइवर दूल्हे के चाचा संजू बसोर, दूल्हे के भाई अजय बसोर ने आरोप लगाया कि बस का ड्राइवर जल्दी-जल्दी घर चलने का दबाव बना रहा था। इस बात का विरोध करने पर ड्राइवर से विवाद हो गया था, आगे चलकर रास्ते में ड्राइवर ने शराब का सेवन कर लिया था, कई बार दूल्हे के भाई अजय बसोर ने ड्राइवर से तेज रफ्तार गाड़ी चलाने से मना किया था। लेकिन ड्राइवर ने उसकी एक नहीं सुनी। उसकी बात को नजरअंदाज करते हुए बस की रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान जैसे ही महाराजपुर के आगे पुर तिगैला बस पहुंची तो सामने से बाइक को बचाने के दौरान बस 10 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
बचाने के दौरान पुलिस कर्मी हुए जख्मी
घटना की सूचना मिलने पर महाराजपुर थाना से पुलिस टीम रवाना हुई और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में लग गए। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए है। बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक किफायत उल्लाह बेग के हाथ में चोट आई है और रस्सा टूटने से घायल हो गया। इसी दौरान पुलिसकर्मी दीपेंद्र सिंह की नाक में चोट आई है। महाराजपुर थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने बताया कि घटना के दौरान बस सवार एक की मौत हुई और और ८ लोग घायल हुए हैं। जिनका इलाज कराया जा रहा है। वहीं दो पुलिस कर्मी भी रेस्क्यु के दौरान चोटिल हो गए है।