scriptWeather: शहर में 13 दिन बाद रात पारा 30 डिग्री के नीचे आया | After 13 days, the mercury dropped below 30 degrees in the city | Patrika News
जोधपुर

Weather: शहर में 13 दिन बाद रात पारा 30 डिग्री के नीचे आया

अब दिन छोटे होने शुरू, आज 3 सैकेण्ड छोटा होगा दिन

जोधपुरJun 22, 2024 / 07:30 pm

Gajendrasingh Dahiya

जोधपुर. शहर में बीती रात गर्मी कुछ कम थी। 13 दिन बाद रात का पारा तीस डिग्री से नीचे आकर 29.7 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह बादलों की ओट और तेज हवा के कारण मौसम सुहाना बना हुआ था, लेकिन दिन में उमस ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। मौसम विभाग IMD के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। जोधपुर में जुलाई की शुरुआत में मानसून आने की उम्मीद है। उधर 21 जून को बड़ा दिन होने के बाद अब 23 जून से दिन छोटे होने शुरू हो रहे हैं। जोधपुर में रविवार को दिन 3 सैकण्ड छोटा होगा।
सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था। बीते करीब एक पखवाड़े से रात का तापमान 32 से 33 डिग्री के मध्य बने रहने से रात में भी पसीने छूट रहे थे। तीन दिन तो पारा 33 डिग्री रहा था, जिसके कारण रात को भी बहुत उमस बनी हुई थी। तेज हवा बहने से बीती रात पारा तीस डिग्री से नीचे आया। इससे पहले 8 जून को तापमान तीस डिग्री से नीचे 24.8 डिग्री मापा गया था। हालांकि दिन में पारा फिर से तेजी से चढ़ने लगा और दोपहर होते-होते 40.9 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा था।

जून में केवल एक बार पारा गया 43 डिग्री पार

मई महीने में भयंकर गर्मी रही थी। करीब 13 दिन तक तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा था, लेकिन जून में मानसून के भारतीय भूमि पर आगे बढ़ने के साथ ही नमी प्रवेश करने से दिन का तापमान नीचे आने लगा। जून महीने में अब तक केवल एक बार ही तापमान 43 डिग्री के ऊपर रहा है। शहर में 10 जून को पारा 43.6 डिग्री रहा था। शेष दिनों में औसत तापमान 41 से 42 डिग्री के मध्य रहा।

जोधपुर में रविवार का दिन ऐसा रहेगा

– 03 सैकेण्ड छोटा दिन होगा रविवार को

– 13 घंटे 47 मिनट तक है वर्तमान दिन की अवधि

– 14 घंटे 39 मिनट रहता है उजाला
– 99 प्रतिशत चंद्रमा का भाग चमकेगा

Hindi News / Jodhpur / Weather: शहर में 13 दिन बाद रात पारा 30 डिग्री के नीचे आया

ट्रेंडिंग वीडियो