scriptजानिए, क्यों कुछ लोगों को सफलता हासिल करने के लिए करनी पड़ी है भारी मशक्कत | Know why some people work hard to get success | Patrika News
जॉब्स

जानिए, क्यों कुछ लोगों को सफलता हासिल करने के लिए करनी पड़ी है भारी मशक्कत

ऐसा क्यों होता है कि कुछ लोग जिंदगी में ज्यादा सफल होते हैं, जबकि कुछ लोगों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ती है।

Jun 03, 2018 / 04:57 pm

जमील खान

Success

Success

हम अक्सर किसी भी व्यक्ति की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाते हैं कि उसके पास कितना बड़ा घर है, कितना आलीशान बंगला है, वो कितनी ब्रांडेड चीजें इस्तेमाल करता है। आपने उनकी सफलता देखी है, आप उनकी तरह सफल भी होना चाहते हैं कि तो आपको उनकी सफलता की यात्रा भी जाननी होगी। उन्होंने सफलता प्राप्त करने के लिए कितनी कड़ी मेहनत की है। आखिर सफल लोग जिंदगी में ऐसा क्या करते हैं कि सफल हो जाते हैं? फिर ऐसा क्यों होता है कि कुछ लोग दूसरों की तुलना में ज्यादा सफल होते हैं? आप केवल यह न देखें कि उन्होंने जिंदगी में क्या हासिल किया है, अगर आपको उनसे प्रेरणा लेनी है और उनकी तरह ही सफलता हासिल करनी है तो फिर आपको उन तमाम मुश्किलों के लिए तैयार रहना होगा, जो उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान कहीं-न कहीं झेली हैं। आप छोटी सी तितली से भी यह सीख ले सकते हैं, जब वह कोकून में होती है तो बाहर आने के लिए उसे कितनी मशक्कत करनी पड़ती है, अपनी पूरी ताकत लगाकर उस खोल को फाडऩा होता है। इसके बाद ही वह एक सुंदर तितली बन पाती है। आइए जानते हैं, सफलता हासिल करने वालों की कुछ खास बातें।

वह सपने देखते हैं
वॉल्ट डिजनी के नाम से भला कौन अनजान है। उनका मानना था कि यदि आप किसी चीज का सपना देखते हैं तो उसे हासिल भी कर सकते हैं। अधिकतर लोग लकीर के फकीर बनने में भरोसा करते हैं, वे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर नहीं आना चाहते लेकिन सफल व्यक्ति सपना देखने की हिम्मत करते हैं। वे देख-भाल कर, जांच-परख कर रिस्क लेते हैं और अपने सपने को पूरा करते हैं। अब्दुल कलाम ने भी यही कहा था, सपने वो नहीं होते, जो आप सोते हुए देखते हैं। सपने वो होते हैं, जो आपको सोने नहीं देते। इस बात को हमेशा याद रखें।

हमेशा सकारात्मक रहते हैं
आप कभी सफल नहीं हो सकते, अगर आप आप यह सोचते हैं कि सफलता कभी हासिल नहीं की जा सकती। एक सकारात्मक व्यक्ति को हमेशा यही लगता है कि कोई न कोई रास्ता हमेशा है और आखिर में हमेशा कामयाबी मिलेगी। याद रखें, नकारात्मक विचारों को पाल-पाल कर आप स्वयं के सबसे बड़े दुश्मन बन जाते हैं। आप चीजों पर फोकस करने की बजाय यह सोचने लगते हैं कि ऐसा हो ही नहीं सकता। सबसे जरूरी बात, आप वही हासिल करेंगे, जिसकी आप जरूरत समझेंगे। अत: सफलता चाहते हैं तो खुद को सकारात्मक बनाए रखें।

वह दूर की सोचते हैं
सफल व्यक्ति हमेशा यह जानते हैं कि क्या हो रहा है और क्या होने वाला है। उनके पास उनकी जिंदगी की एकदम साफ – साफ तस्वीर होती है। वे जानते हैं कि उनकी जिंदगी आने वाले कुछ सालों में कहां होगी और उन्हें क्या हासिल करना है। क्या आप भी जब आंखें बंद करते हैं तो आपकी आंखों के आगे भी आपकी जिंदगी की एकदम साफ तस्वीर नजर आती है? अगर नहीं, तो अपने लक्ष्य तय कीजिए।

वह फोकस रहते हैं
सफल व्यक्ति वो सभी कदम उठाते हैं, जो उन्हें ट्रैक पर रखने के लिए जरूरी हैं। वे ऐसी हर चीज से दूर रहते हैं, जो उनका ध्यान भटकाती हैं। वह कभी कोई बहाना नहीं बनाते। जब वह कोई काम हाथ में लेते हैं तो उसे तब तक करते ही रहते हैं, जब तक उन्हें इच्छित सफलता हासिल नहीं हो जाती। वह हमेशा अपना फोकस बनाए रखते हैं।


वह पैशनेट होते हैं
वह जिंदादिल होते हैं। जब वे अपने काम या अपनी जिंदगी के बारे में बात करते हैं तो उनका चेहरा चमक उठता है। वे जो चीजें कर रहे होते हैं, उनसे उन्हें प्यार होता है। वे अपने काम, अपने परिवार और अपनी जिंदगी से बेहद लगाव रखते हैं यानी वे हर उस चीज की परवाह करते हैं, जो उनकी जिंदगी का हिस्सा है। उन्हें जिंदगी में कभी मायूस होकर बैठना पसंद नहीं होता। वह पूरी मेहनत से आगे बढ़ते हैं।

मेहनत का विकल्प नहीं
आप किसी भी सफल व्यक्ति को देखकर यही सोचते होंगे कि अमुक व्यक्ति इसीलिए सफल हुआ क्योंकि उसके भाग्य ने उसका साथ दिया लेकिन यह कभी न भूलें, यह भाग्य उन्होंने अपने पुरुषार्थ से पैदा किया था। वे मानते हैं कि अगर कड़ी मेहनत की जाए तो भाग्य की कोई जरूरत ही नहीं है। ऐसे लोग अपने भाग्य का निर्माण खुद ही करते हैं।

विफलता से डर नहीं
स्टीव जॉब्स ने एक बार कहा था कि मौत के डर ने ही उन्हें जिंदगी में कभी विफल न होने की प्रेरणा दी। सफल व्यक्ति कभी विफलता से नहीं डरते। वे विफलता को स्वीकार करते हैं और आगे बढ़ते हैं। कोई भी परिस्थिति हो, वे हार नहीं मानते। वह विफलता और अपनी गलतियों से हमेशा सीखते रहते हैं।

जिंदगी से सीखते हैं
सफल व्यक्ति उस शख्स के साथ आज रहने से इनकार कर देते हैं, जिसके साथ वे कल थे। वह काम में, अपने आप में, रिश्तों में, ज्ञान में, आध्यात्मिकता में और ऐसी ही कई चीजों में हमेशा आगे बढ़ते रहते हैं। वे जानते हैं कि उनके शहर, देश और दुनिया में कब और कहां क्या-क्या हो रहा है। वह हमेशा कुछ-न-कुछ नया जानने की कोशिश करते हैं।

Hindi News / Education News / Jobs / जानिए, क्यों कुछ लोगों को सफलता हासिल करने के लिए करनी पड़ी है भारी मशक्कत

ट्रेंडिंग वीडियो