scriptबटन दबाते ही राजस्थान के इस जिले के किसानों के बैंक खातों में आए 21 करोड़ 28 लाख 75 हजार रुपए | Mukhyamantri Kisan Samman Nidhi Scheme jhunjhunu | Patrika News
झुंझुनू

बटन दबाते ही राजस्थान के इस जिले के किसानों के बैंक खातों में आए 21 करोड़ 28 लाख 75 हजार रुपए

राज्य सरकार की ओर से एक हजार रुपए की पहली किस्त के तौर पर राज्य के 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपए सीधे जमा किए गए हैं। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं जिले के 2 लाख 10 हजार किसानों को 21 करोड़ 28 लाख 75 हजार रुपए की राशि हस्तांतरित की गई।

झुंझुनूJul 01, 2024 / 05:25 pm

Kamlesh Sharma

झुंझुनूं। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना रविवार को शुरू हुई। इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम टोंक में व जिला स्तरीय कार्यक्रम झुंझुनूं के सूचना केन्द्र सभागार में हुआ। सीसीबी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 6 हजार रुपए की राशि के साथ ही 2 हजार रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। दो हजार रुपए की यह राशि मुख्यमंत्री देंगे।
इसी क्रम में राज्य सरकार की ओर से एक हजार रुपए की पहली किस्त के तौर पर राज्य के 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपए सीधे जमा किए गए हैं। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं जिले के 2 लाख 10 हजार किसानों को 21 करोड़ 28 लाख 75 हजार रुपए की राशि हस्तांतरित की गई।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हारी,जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल, एडीएम रामरतन सौंकरीया, उप रजिस्टार विभा खेतान, अधिशासी अधिकारी सुमन चाहर, दीपेंद्र शेखावत, रंजना स्वामी, भूमि विकास बैंक के सचिव संजीव कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी व बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

किसान बोले, खाद बीज में काम आएंगे

झुंझुनूं में आए किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की पीड़ा समझ रहे हैं। इस समय खाद, बीज, दवा व जुताई के लिए रुपयों की जरूरत होती है। किसानों को पहले प्रधानमंत्री ने दो हजार रुपए भेजे, अब एक हजार मुख्यमंत्री ने दिए। तीन हजार से काफी सहारा मिलेगा। अब दूसरी किश्त में मुख्यमंत्री एक हजार रुपए और मिलेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पेंशन के भी एक सौ पचास रुपए बढ़ाए हैं। इससे भी फायदा मिलेगा।
यह भी पढ़ें

राजस्थान के इन 21 जिलों के लिए खुशखबरी, राजस्थान और मध्यप्रदेश आए साथ, 20 साल का विवाद हुआ खत्म

मैं किसान को बेटा, पीड़ा समझता हूं: CM

टोंक से वीसी से जुड़े मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश के लिए अन्न उपजाने वाले किसान भाइयों को सशक्त बनाना हमारी डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान की समृद्धि से ही विकसित एवं खुशहाल राजस्थान का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं। उनकी परेशानियों से मैं भली-भांति अवगत हूं।
इसलिए हमारी सरकार किसान हितों की रक्षा में सदैव तत्पर रहती है। राज्य के 47 हजार किसानों को कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं। किसानों को बिजली के बिलों में 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है। 21 कस्टम हायरिंग केन्द्रों की स्थापना की जा रही है। मुख्यमंत्री जल स्वावलबन अभियान-2.0 के तहत आगामी 4 वर्षों में 5 लाख जल संग्रहण ढांचे बनाए जाएंगे तथा 20 हजार फार्म पौण्ड स्थापित कर वर्षा का जल संग्रहित किया जाएगा।

Hindi News/ Jhunjhunu / बटन दबाते ही राजस्थान के इस जिले के किसानों के बैंक खातों में आए 21 करोड़ 28 लाख 75 हजार रुपए

ट्रेंडिंग वीडियो