
प्रतीकात्मक तस्वीर
बौंली (सवाईमाधोपुर)/पत्रिका न्यूज नेटवर्क. नकाबपोश बदमाश पांच मिनट में पौने आठ लाख रुपए से भरे निवाई रोड स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम को उखाड़ ले गए। चोर एटीएम को पिकअप में रखकर फरार हुए। वारदात का पता बैंक अधिकारियों को रात में करीब तीन बजे एटीएम स्विच सेंटर से फोन आने पर चला। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर थानाधिकारी कुसुमलता मीणा पहुंची, तब तक चोर एटीएम मशीन को ले जा चुके थे। इसके बाद सुबह बामनवास पुलिस उपाधीक्षक तेज पाठक, मित्रपुरा थानाधिकारी श्रीकिशन मीणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के कैमरों को खंगाला है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग अलग टीम गठित की गई हैं। संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि बैंक व एटीएम में रात को गार्ड की व्यवस्था नहीं की हुई है।
आधा दर्जन से अधिक ने की वारदात :
पुलिस ने सुबह बैंक शाखा खोलकर एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में फुटेज खंगाले तो उसमें आधा दर्जन नकाबपोश एटीएम को उखाड़ते नजर आए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रात करीब दो बजे चोरों ने एटीएम के शटर को तोड़ा। फिर सरिए व अन्य औजारों से एटीएम को उखाड़ा। उन्होंने करीब 5 मिनट में एटीएम को उखाडकऱ पिकअप में लोड किया और फरार हुए। चोरों ने एटीएम का कैमरा भी तोड़ दिया। वारदात करने वाले चोर सफेद कपड़े व दस्ताने पहने हुए थे। बैंक प्रबंधक कैलाश चंद मीणा ने बताया कि एटीएम में 7 लाख 81 हजार 800 रुपए थे। पुलिस ने एटीएम स्विच सेंटर से भी सीसीटीवी फुटेज मंगवाए हैं। आसपास लगे कैमरों से भी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बरवाड़ा के एटीएम का नहीं चला पता:
जिले में एटीएम लूट सहित बैंक से हथियार दिखाकर नकदी लूटने की साढ़े 4 माह में यह तीसरी बड़ी वारदात है। 21 सितम्बर को चार- पांच नकाबपोश 12 लाख 10 हजार रुपए से भरा एटीएम चौथकाबरवाडा कस्बे से ले गए थे। इसके बाद 21 अक्टूबर को दिन दहाड़े आलनपुर शाखा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से कर्मचारियों को हथियार दिखाकर 6.73 लाख रुपए की लूट हुई थी। हालांकि इस लूट के आरोपियों को पकड़ने का पुलिस ने दावा किया।
छाण से भी ले गए थे लाखों:
इससे पहले जिले के खण्डार तहसील के छाण कस्बे में टोंक-चिरगांव नेशनल हाइवे पर एसबीआई के एटीएम से 19 दिसम्बर 18 की रात को चोर एटीएम से 13 लाख 54 हजार रुपए ले गए थे। इस मामले में आरोपी पकड़ में नहीं आने पर वर्ष 2019 में एफआर लगाकर फाइल बंद कर दी।
Published on:
11 Feb 2023 02:41 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
