
RPSC Paper Leak
Rpsc Paper Leak : पेपर लीक कांड मामले की लपटें राजस्थान लोक सेवा आयोग तक पहुंच रही हैं। बुधवार को सदस्य बाबूलाल कटारा का चैंबर बंद रहा। आयोग कार्यालय के समक्ष सिविल लाइंस थाना पुलिस का जाप्ता भी तैनात रहा। उधर, एसओजी जल्द बाबूलाल के चैंबर, कंप्यूटर, लैपटॉप और पत्रावलियां खंगालने की तैयारी में है। आयोग में सब इंस्पेक्टर भर्ती के साक्षात्कार जारी हैं।
साक्षात्कार देने पहुंचे अभ्यर्थी आयोग परिसर और आस-पास चाय की थडिय़ों पर बैठे रहे। कई अभ्यर्थी किताबें पढऩे और कई अपने शैक्षिक दस्तावेजों को चैक करने में व्यस्त रहे। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, सीकर और अन्य इलाकों से आए कुछ अभ्यर्थियों से पत्रिका ने बातचीत की। उन्होंने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा कि पेपर लीक कांड से मन में चिंता स्वाभाविक है, लेकिन पुख्ता जांच और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
सबकी चैंबर पर नजरें
पेपर लीक कांड की आयोग में चर्चा रही। सबकी नजरें कटारा के बंद चैंबर पर ही टिकी रहीं। अध्यक्ष संजय कुमार श्रोत्रिय और अन्य सदस्यों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए।
और लम्बे चलेंगे साक्षात्कार
सब इंस्पेक्टर के साक्षात्कार का सातवां दौर चल रहा है। आयोग में पहले ही तीन सदस्य कम हैं। अब कटारा की गिरफ्तारी के बाद संकट और बढ़ गया है। सब इंस्पेक्टर भर्ती के साक्षात्कार लम्बे खिंच सकते हैं। इससे आरएएस भर्ती-2021 के साक्षात्कार में भी देरी होगी।
Published on:
20 Apr 2023 08:46 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
