
आलू ने बचाया करोड़ों का सोना और रुपया, जयपुर में सुरंग खोद लूट की योजना का ऐसा हुआ खुलासा
राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो बैंक और ज्वैलरी शोरूम लूटने के लिए बनाई गई सुरंग का खुलासा हुआ है। लूट की योजना पर आलू की वजह से पानी फिर गया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
चौका देने वाली यह वारदात शहर के बीचोंबीच स्थित अंबाबाड़ी़ क्षेत्र में घटित हुई। यहां सब्जी मंडी के पास स्थित एसबीआइ बैंक, सेंट्रल बैंक और ज्वेलरी शॉप को लूटने के लिए शातिर बदमाशों ने 100 मीटर से अधिक दूरी तक की सुरंग खोद दी। दोनों बैंक व ज्वैलरी शोरूम तक पहुंचने के लिए करीब 50-50 की दूरी तक सुरंग खोदना शेष था, लेकिन मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे मंडी में आलू से भरा मिनी ट्रक सुरंग के ऊपर से निकला तो उसका टायर धंस गया। इसके लिए बदमाशों ने छह महीने पहले वहां एक दुकान किराए पर ली थी।
यह है मामला
पुलिस ने बताया कि छह महीने पहले उत्तर प्रदेश निवासी अनवर, सलमान आदि ने फर्जी आइडी से अंबाबाडी सब्जी मंडी क्षेत्र में एक दुकान के बैसमेंट को किराए पर लिया था। दुकान मालिक सोहनलाल धोबी ने बताया कि उन्होंने यह दुुकान मंडी के काम के लिए लेना बताया था। यहां से उन्होंने बैंक और ज्वैलरी शोरूम की तरफ 100 मीटर अधिक दूरी तक की सुरंग खोद दी।
आलू ने रोकी वारदात
पुलिस ने बताया कि मंडी में मंगलवार सुबह चार बजे एक व्यापारी के यहां आलू से भरे तीन ट्रक पहुंचे। इसी दौरान एक ट्रक सुरंग में धंस गया। लोगों ने ट्रक को बाहर निकाला तो देखा कि जमीन में सुरंग बनी है और उसमें लकड़ी व फंटे भी लगे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड टीम की मदद से सबूत जुटाए है।
छत पर रखते मिट्टी के कट्टे
पुलिस ने बताया कि शातिर बदमाश रात में सुरंग खोदने का काम करते थे। मिट्टी बाहर फेंकने की बजाय ई-रिक्शा में चार पांच कट्टे लेकर जाते थे। सब समझते थे कि चारा-बांट ले जा रहे हैं। लेकिन अब पता चला कि सुरंग की खुदाई में निकलने वाली मिट्टी कट्टों में लेकर जाते थे।
Updated on:
23 Jan 2024 06:59 pm
Published on:
23 Jan 2024 06:28 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
