– आज राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना
जयपुर। मार्च का अंतिम सप्ताह शुरू हो चुका है। ऐसे में राजधानी जयपुर में मौसम का मिजाज अब गर्म होने लगा है। दिन में तीखी धूप अब लोगों को परेशान कर रही है। इसलिए दिन में घर से बाहर निकलने वाले लोग अब पसीनों से तरबतर हो रहे हैं। वहीं प्रदेश की बात करें तो पूर्वी राजस्थान में भी मौसम अब गर्म होने लगा है। भरतपुर संभाग में भी दिन का पारा अब 35-36 डिग्री तक पहुंचने लगा है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर और पाली जिलों में भी दिन का पारा लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। सरहदी जिले बीकानेर, श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में भी गर्मी के तेवर तीखे हो रहे हैं। अजमेर रीजन में भी दिन में अब तीखी धूप के चलते लोग परेशान होने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज-कल एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस वजह से पारे की रफ्तार थमी हुई। दो दिन के बाद प्रदेश में और तेज गर्मी का दौर शुरू होगा। मौसम शुष्क रहने से पूरे प्रदेश में तीखी गर्मी लोगों को महसूस होगी। आज सवेरे राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री व अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना है।