– आज सवेरे मौसम में हुई हलकी ठंडक महसूस, दिन गर्म रहने की संभावना
जयपुर। बीते तीन-चार दिन से गर्मी पर लगे ब्रेक अब समाप्त हो गए हैं। बीते चार दिन से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से गर्मी के तेवर थोड़े ढीले नजर आ रहे थे। अब विक्षोभ का असर समाप्त हो गया है और गर्मी फिर से अपने तेवर दिखाएगी। आज सवेरे राजधानी जयपुर में हल्की ठंडक महसूस हुई, लेकिन धूप निकलने के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए। प्रदेश की बात करें तो प्रदेश में अब धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। आज सवेरे जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर और पाली में गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। आज दिन में बाड़मेर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री, जैसलमेर का 37 डिग्री और जोधपुर का तापमान भी 37 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं भरतपुर संभाग में आज सवेरे न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो रहा है। प्रदेश में हवा के रुख में आ रहे बदलाव से अब गर्मी का दौर शुरू होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। आज सवेरे गुलाबी नगर जयपुर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिन का अधिकतम तापमान आज 34 डिग्री रहने की संभावना है।