जयपुर. राजस्थान आवासन मंडल की एनआरआइ स्काई पार्क योजना को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को राज आंगन (एनआरआइ) योजना के लोग ‘अपने वादे पूरे करो’, ‘चारदीवारी के अंदर सिर्फ एनआरआइ कॉलोनी है’, ‘धोखाधड़ी बंद करो’ जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर आवासन मंडल मुख्यालय पहुंचे। एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद सोसाइटी के पदाधिकारियों ने आयुक्त कार्यालय में स्टाफ को ज्ञापन सौंपा।
इन लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर मंडल एनआरआइ स्काई पार्क योजना लेकर आ रहा है वह एनआरआइ कॉलोनी का सुविधा क्षेत्र है। 303 फ्लैट धारकों के सुविधा क्षेत्र पर मंडल कब्जा करना चाह रहा है।
राज आंगन सोसाइटी के अध्यक्ष शशि भार्गव ने कहा कि मंडल अधिकारियों ने जल्दबाजी में योजना लॉन्च कर दी। इस योजना को निरस्त कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आपत्ति अनुचित
राज आंगन स्कीम के लोगों के लिए मंडल ने पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इस भूमि पर एनआरआइ कॉलोनी का कोई हक नहीं है। एनआरआइ स्काई पार्क योजना में जो फ्लैट बनेंगे वे राज आंगन स्कीम से अलग होंगे। साथ ही इन फ्लैट में जो लोग रहेंगे उनका आवागमन कुम्भा मार्ग से होगा।
– के. सी. ढाका, उप आवासन आयुक्त, राजस्थान आवासन मंडल