10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर, कोटा सहित राजस्थान में PFI के सात ठिकानों पर NIA के छापे, कई पदाधिकारी हिरासत में

राजस्थान में प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के ठिकानों पर एनआईए के छापे, जयपुर समेत पांच शहरों में सात ठिकानों पर कार्रवाई

2 min read
Google source verification
NIA

जयपुर, कोटा सहित राजस्थान में PFI के सात ठिकानों पर NIA के छापे, कई पदाधिकारी हिरासत में

जयपुर. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के पांच शहरों के सात ठिकानों पर शनिवार को छापे मारे। अल्पसंख्यकों के धार्मिक कट्टरवाद को बढ़ावा दे रहे पदाधिकारियों के ठिकानों पर राजधानी जयपुर, कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर और भीलवाड़ा में कार्रवाई की गई। इस दौरान पीएफआई के कुछ पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया।


एनआईए ने कोटा में तीन और जयपुर, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा और बूंदी में एक-एक पीएफआई पदाधिकारी के यहां छापे मारे। प्रतिबंधित संगठन के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की तलाशी भी ली गई। इस दौरान परिसरों से आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और धारदार हथियार जब्त किए गए।
एनआईए को इस मामले में विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी।

सूचना के आधार पर 19 सितंबर, 2022 को एजेंसी ने मामला दर्ज किया था। इस मामले में एनआईए ने सादिक सर्राफ और मोहम्मद आसिफ को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में हाल ही में एनआईए ने उदयपुर जिले से मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पीएफआई पदाधिकारियों के व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर छापे मारे गए।

कोटा में तीन व बूंदी में एक जगह छापा
एनआईए टीम ने कोटा में विज्ञान नगर विस्तार योजना निवासी अधिवक्ता अंसार इंदौरी के घर पर छापा मारा। टीम ने अंसार इंदौरी से पीएफआई से लिंक के संबंध में पूछताछ की। वहीं एक टीम ने कोतवाली की बड़ी मस्जिद के आसपास कार्रवाई की। टीम ने बड़ी मस्जिद के सदर से भी पूछताछ की। टीम ने पीएफआई के पुराने कार्यालय पर नोटिस चस्पा किया। सांगोद में टीम ने पीएफआई से जुड़े हाफिज अबरार अहमद के घर तलाशी ली। हालांकि अबरार अहमद वहां नहीं मिला। वहीं, बूंदी में पांच घंटे तक ऑपरेशन चला।

सवाई माधोपुर पहुंची एनआईए
एनआईए की टीम सुबह चार बजे जिला मुख्यालय पर पुराने शहर स्थित कागजी मोहल्ले में पहुंची। यहां पर टीम सदस्यों ने पीएफआई के एक पदाधिकारी के घर की तलाश की। एनआईए की कार्रवाई की स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी।

भीलवाड़ा में घर ली तलाशी
भीलवाड़ा में नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार तड़के भीलवाड़ा के गुलनगरी में पीएफआई के पूर्व कार्यकर्ता मोहम्मद इमरान रंगरेज के किराये के मकान में दबिश दी। टीम ने पांच घंटे घर की तलाशी ली। एनआईए के हाथ क्या लगा, इसका खुलासा नहीं किया गया। इमरान के खिलाफ सुभाषनगर और कोतवाली में मुकदमे दर्ज हैं।