जयपुर. व्यापारी और ग्राहक सुरक्षित रहें। चोरी करने वालों को पुलिस पकड़ सके और रात को व्यापारी सुकून की नींद ले सकें। इसके लिए राजधानी के तीन बाजारों ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। नाहरगढ़ व्यापार मंडल ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी ही पुलिस को सौंप दी है। इसके लिए नाहरगढ़ थाने में स्क्रीन भी लगवाई है। वहीं, इन्दिरा बाजार में सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग व्यापार मंडल कार्यालय में होती है और जयंती बाजार में तो व्यापारी मोबाइल पर घर बैठे अपने प्रतिष्ठान की जानकारी लेते हैं। इन व्यापार मंडलों ने अपने स्तर पर ही 15 लाख रुपए खर्च किए हैं।
नाहरगढ़ रोड: कोने तक की हो रही निगरानी
-चांदपोल चौराहे से नाहरगढ़ थाने तक 40 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
-इनकी निगरानी पुलिस के जिम्मे है। थाने में व्यापार मंडल ने एक एलईडी स्क्रीन लगवा दी।
-सात लाख रुपए इन सीसीटीवी कैमरों को लगवाने में व्यापार मंडल ने खर्च किए हैं।
आए दिन चोरी होती थी। अब बाजार का हर हिस्सा सीसीटीवी कैमरे की जद में है। सभी कैमरे नाइट विजन के हैं। चोरों के फुटेज भी पुलिस के पास ही रहते हैं।
-मिंतर सिंह, अध्यक्ष, व्यापार मंडल
——————————
इन्दिरा बाजार: ढाई माह में 30 चोर आए पकड़ में
-96 सीसीटीवी कैमरे बाजार के दोनों रास्तों पर लगाए गए हैं।
-30 से अधिक चोरी करने वाले अब तक पकड़ में आ चुके हैं।
-06 लाख रुपए सीसीटीवी लगाने में व्यापार मंडल ने खर्च किए हैं।
—
पांच दुकानों में एक साथ चोरी होने के बाद बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। पहले दिन गार्ड का चोरी हुआ मोबाइल सीसीटीवी कैमरे की वजह से वापस मिला था।
-कमल आसवानी, अध्यक्ष, व्यापार मंडल
——————————————-
जयंती बाजार: घर बैठे व्यापारी लेते अपडेट
-बाजार में वर्ष 2018 में पहली बार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। हाल ही इनको बदलवाया गया है।
-32 सीसीटीवी कैमरे बाजार में लगे हैं। इन पर व्यापार मंडल ने 1.75 लाख रुपए खर्च किए हैं।
बाजार के सभी व्यापारियों को आईडी और पासवर्ड दे रखे हैं। व्यापारी घर जाकर भी अपने प्रतिष्ठान को मोबाइल स्क्रीन पर देख सकता है। चोरी की घटनाएं कम हुई हैं।
-सचिन गुप्ता, अध्यक्ष, व्यापार मंडल