scriptहरियाली अमावस्या 2022: वृक्षों की पूजा करने से दूर होते हैं ग्रह दोष, जानें और भी महत्व | Hariyali Amavasya: Worshiping trees removes planetary defects | Patrika News
जयपुर

हरियाली अमावस्या 2022: वृक्षों की पूजा करने से दूर होते हैं ग्रह दोष, जानें और भी महत्व

हरियाली अमावस्या पर इस बार बन रहे विशेष योग

जयपुरJul 27, 2022 / 02:18 pm

SAVITA VYAS

हरियाली अमावस्या 2022: वृक्षों की पूजा करने से दूर होते हैं ग्रह दोष, जानें और भी महत्व

हरियाली अमावस्या 2022: वृक्षों की पूजा करने से दूर होते हैं ग्रह दोष, जानें और भी महत्व



जयपुर। सावन मास की अमावस्या को हरियाली अमावस्या कहा जाता है। इस बार यह तिथि गुरुवार को है। इस दिन हरियाली अमावस्या शनि ग्रह से शश योग, मंगल ग्रह से रुचक योग और बृहस्पति ग्रह से हंस योग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इन शुभ योगों में किए गए कार्य सफल होते हैं। इस दिन दान-पुण्य, स्नान का भी विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्य पं. सुरेश शास्त्री ने बताया कि इस दिन बनने वाला गुरु पुष्य योग कार्यों में सफलता प्रदान करने वाला है। गुुरु पुष्य अमृत सिद्धि योग सुबह 4 से दूसरे दिन सुबह 2.43 बजे तक रहेगा। वहीं इस दिन सुबह सूर्योदय 5.46 से रात्रि 11.25 मिनट तक राजयोग रहेगा। इस दौरान किए गए शुभ कार्यों में सफलता मिलती है।
पेड़-पौधे लगाने का महत्व
ज्योतिषाचार्य पं. राजकुमार शर्मा का कहना है कि पेड़-पौधे भी पितृ स्वरूप ही हैं, इसलिए यदि हरियाली अमावस्या पर राशि अनुसार कुछ विशेष पौधे लगाए जाए तो पितृ प्रसन्न होते हैं। साथ ही ग्रहों से संबंधित शुभ फल भी मिलने लगते हैं। इस दिन अपने पूर्वजों की याद में पौधे लगाना शुभ रहता है। वहीं हरियाली अमावस्या पर कुछ विशेष वृक्षों की पूजा करने से ग्रह दोष भी दूर होते हैं। सुख और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
नाहर सिंह बाबा का मनेगा जन्मोत्सव
घाट की गुणी, आमागढ़ की पहाड़ी पर स्थित लोक देवता नाहरसिंह बाबा मंदिर में बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आमागढ़ की पहाड़ी पर स्थित नाहरसिंह बाबा के चौबुर्जा मंदिर में मध्यरात्रि में महंत रमेश आचार्य के सान्निध्य में पंचामृताभिषेक कर सिंदूर व चांदी के वर्क से चोला चढ़ाया जाएगा। इसके बाद इत्र अर्पित कर नूतन पोशाक धारण करवा कर मनमोहक शृंगार किया जाएगा। दोपहर बाद बाबा को खीर चूरमे का भोग अर्पित कर फूल बंगले की झांकी सजाई जाएगी। घाट की गुणी में आमागढ़ पहाड़ी की तलहटी में स्थित बाबा के मंदिर में सुबह 8 बजे बाबा का दुग्धाभिषेक कर लहरिए की पोशाक धारण करवा कर फूलों से शृंगार किया जाएगा। दोपहर में भजन मंडलियां भजनों से रिझाएगी। हरियाली अमावस्या पर लगने वाले वार्षिक मेले में घाट की गुणी स्थित दोनों ही मंदिरों में जयपुर सहित आस-पास के गांवों के श्रद्धालु देर रात तक दर्शनों के लिए पहुंचेंगे।
ठाकुरजी धारण करेंगे हरी पोशाक
उत्तर भारत की प्रमुख श्री वैष्णव पीठ श्री गलता जी में गलता पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य के सान्निध्य में मनाए जा रहे सावन महोत्सव के तहत हरियाली अमावस्या को ठाकुरजी को हरे रंग को पोशाक धारण कराई जाएगी। युवराज स्वामी राघवेन्द्र ने बताया कि श्री गलताजी में विराजमान भगवान सीताराम जी, रघुनाथ जी समेत सभी विग्रहों को विशेष रूप से तैयार की गई पोशाक धारण करवाई जाएगी। इस मौके पर लोग गलताजी में स्नान कर दान-पुण्य करेंगे।

Hindi News / Jaipur / हरियाली अमावस्या 2022: वृक्षों की पूजा करने से दूर होते हैं ग्रह दोष, जानें और भी महत्व

ट्रेंडिंग वीडियो