
श्रीगंगानगर/पत्रिका न्यूज नेटवकर्म. इयरफोन, हेडफोन को दिनभर कानों में लगाए रखना या अधिक इस्तेमाल से कानों से कम सुनाई देने व इंफेक्शन तक की शिकायतें आ रही हैं। इस बात की पुष्टि राजकीय जिला चिकित्सालय के ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने की है। जहां प्रतिदिन करीब पचास से अधिक मरीज ऐसी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। जिनको कम सुनने व कान की समस्याएं हैं। चिकित्सकों की मानें तो ईएनटी विभाग में एक दिन में करीब सौ से सवा सौ मरीज आते हैं, जिसमें से पचास से अधिक मरीज कम सुनाई देने की शिकायत करते रहते हैं या कान में अन्य कोई समस्या होती है। इनमें काफी संख्या में मरीजों की उम्र 28 से 48 साल तक की है।
इयरफोन व हेडफोन के ज्यादा इस्तेमाल से बचें:
चिकित्सकों कहना है कि पिछले कुछ सालों में मोबाइल का चलन बहुत तेजी से बढ़ा है। जहां पहले घरों में एक या दो मोबाइल होते थे, लेकिन अब एक घर में जितने सदस्य हैं, उतने ही मोबाइल हैं। यहां तक की अब तो दसवीं कक्षा के बच्चों के पास भी मोबाइल है। ऐसे में सभी सदस्य इयरफोन, इयरबड व हेडफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनके ज्यादा इस्तेमाल से कानों को नुकसान हो रहा है।
तेज आवाज ना बना दे बहरा:
चिकित्सकों के अनुसार युवा ड्राइविंग, जिम सहित अन्य कार्य करते समय कानों में इयरफोन लगाकर तेज आवाज में गाने सुनते हैं। इसके चलते वे बिना अहसास के बहरे हो सकते हैं। यह आवाज सीधा उनके कान के पर्दे पर असर डालती है। वहीं कान की नसें भी कमजोर होती हैं। इससे सिर दर्द आदि जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। वहीं इसके अधिक इस्तेमाल से कान में इंफेक्शन होने का डर बना रहता है।
इन बातों का रखें ध्यान:
65 से 70 डेसीबल तक आवाज सामान्य।
90 डेसीबल या अधिक ध्वनि नुकसानदायक।
म्यूजिक इवेंट में 115 डेसीबल से ज्यादा आवाज।
बसों में 85 से 90 डेसीबल, ट्रेन की सीटी में 110 डेसीबल आवाज।
सायरन से 150 डेसीबल, हवाई जहाज से 140 डेसीबल आवाज।
इनका कहना है...
लंबे समय तक इयरफोन व हेडफोन आदि के इस्तेमाल से लोगों में कम सुनाई देने की समस्याएं आ रही हैं। इसके ज्यादा इस्तेमाल से कानों में इंफेक्शन भी हो सकता है। इसलिए खासकर युवा बिना जरूरत इनका इस्तेमाल नहीं करें। अस्पताल में प्रतिदिन करीब ऐसे पचास से अधिक मरीज आ रहे हैं।
- डॉ. राजकुमार अरोड़ा, ईएनटी विशेषज्ञ राजकीय जिला चिकित्सालय श्रीगंगानगर।
Published on:
10 Mar 2023 01:03 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
