
,
कैलिफोर्निया के मोंटेरी पार्क शहर के एक क्लब व डांस स्टूडियो में शनिवार रात गोली मारकर की गई 10 लोगों की हत्याओं के बाद अमरीका में सभी संघीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। साल 2023 के 23 दिनों में ही गोली मारकर सामूहिक हत्याओं के अब तक 36 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 39 मौतें हुई हैं। मोंटेरी हत्याकांड के अगले ही दिन लुइसियाना के बैटन रूज नाइट क्लब में एक और सामूहिक गोलीबारी की वारदात दर्ज की गई, जिसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए। पीड़ितों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
इसी के साथ एक बार फिर अमरीका में बंदूक संस्कृति पर बहस शुरू हो गई है। बंदूक रखने पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग नए सिरे से उठ खड़ी हुई है। मोंटेरी पार्क गोलीबारी के प्रकरण में आरोपी एक 72 वर्षीय अधेड़ हू कॉन ट्रान था, जिसने पुलिस के पहुंचने पर खुद भी गोली मारकर जान दे दी।
इस सामूहिक गोलीबारी के चश्मदीदों के अनुसार आरोपी ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं और ऐसा लगता है कि उसके पास काफी गोला-बारूद था।
गौर करने की बात ये है कि जिस कैलिफोर्निया में ये सामूहिक गोलीबारी हुई उसे अमरीका में बंदूक हिंसा से सबसे सुरक्षित राज्य माना जाता है, जहां बंदूक को रखना, खरीदना, बांटना और इनकी मार्केटिंग करना सबसे कठिन कार्य है। कैलिफोर्निया जैसे सुरक्षित राज्य में इस तरह की मास शूटिंग के बाद बंदूक संस्कृति के पैरोकार और बंदूक संस्कृति के विरोधी आमने हैं।
बंदूक हिंसा से सुरक्षा में कैलिफोर्निया है सबसे बेहतर
गिफोर्ड्स लॉ सेंटर के अनुसार बंदूक हिंसा सुरक्षा के मामले में कैलिफ़ोर्निया देश में सबसे बेहतर राज्य है और 2021 में कैलिफोर्निया में अमरीका की तुलना में 37 फीसदी कम मौतें गोलीबारी से हुईं। सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार बंदूक से मौतों के मामलों में अमरीका 2021 में देश में प्रति 10 लाख आबादी पर 8.5 मौतों के साथ 44वें नंबर पर था। जबकि 1980 में कैलिफोर्निया में बंदूक से प्रति 10 लाख पर 16.2 मौतें हो रही थीं जो कि राष्ट्रीय औसत 14.3 से अधिक थीं। लेकिन सख्त बंदूक रोधी कानूनों की वजह से कैलिफोर्निया बंदूक से होने वाली मौतों को रोकने में सफल रहा है।
संविधान में दिया गया है बंदूक रखने का अधिकार
अमरीकी संविधान का दूसरा संशोधन अमरीकियों को हथियार रखने का अधिकार देता है, और लगभग एक तिहाई अमरीकी वयस्कों का कहना है कि वे व्यक्तिगत रूप से बंदूक रखते हैं। साल 2022 की शुरुआत में कुछ प्रमुख शहरों में बड़े पैमाने पर गोलीबारी, बढ़ती बंदूक हिंसा और हत्याओँ के चलते राष्ट्रपति जो बाइडन और अन्य नीति निर्माताओं ने बंदूकों पर पाबंदी लगाने के लिए एक संघीय कानून के बारे में फिर चर्चा शुरू की थी, पर अब तक इस बारे में कोई सहमति नहीं बनी है। अमरीका में बंदूक रखना जातीय, क्षेत्रीय और राजनीतिक रूप से एक अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है। करीब 80 प्रतिशत अश्वेत लोग जहां बंदूक रखने से रोक लगाने पर सख्त कानून की मांग करते हैं वहीं सिर्फ 39 प्रतिशत श्वेत ही ऐसा चाहते हैं। ग्रामीण क्षेत्र में लोग बंदूक रखने का ज्यादा समर्थन करते हैं। बंदूक खरीद पर सख्त रोक के समर्थन में रिपब्लिकन की तुलना में डेमोक्रेट कहीं अधिक नजर आते हैं।
अमरीका के राज्यों में 2021 बंदूक से मौतें
राज्य बंदूक से मौतें (प्रति 10 लाख आबादी पर)
मिसीसिपी 28.6
ओकलाहोमा 20.7
टैक्सस 14.2
कैलिफोर्निया 8.5
राष्ट्रीय औसत 13.7
कैलिफोर्निया में बंदूक पर ये हैं पाबंदियां
- सहयोगी, साथी और परिवार वाले किसी व्यक्ति के खिलाफ बंदूक से खतरा होने पर निरोधक आदेश हासिल कर सकते हैं
- बंदूक खरीदने के लिए 10 दिन का वेटिंग पीरियड और 21 साल उम्र अनिवार्य रखी गई है
- सभी बंदूक खरीदने पर पृष्ठभूमि चेक अनिवार्य है
- मानसिक रूप से बीमार और ड्रग लेने वालों के लिए बंदूक खरीदने पर रोक है
अमरीकाः घटने के बजाए बढ़ रहा मास शूटिंग का मर्ज
वर्ष मास शूटिंग की वारदातें
2018 336
2019 417
2020 610
2021 690
2022 617
2023(23 दिन) 36
देश हत्याओं में बंदूक से मरने वालों का प्रतिशत
अमरीका 79
कनाडा 37
यूके 2020
ऑस्ट्रेलिया 13
दुनिया में नागरिक आबादी पर सबसे अधिक बंदूकें रखने वाले देश (2018)
देश प्रति 100 आबादी पर बंदूकें
अमरीका 120.5
यमन 52.8
सर्बिया 39.1
उरुग्वे 34.7
कनाडा 34.7
साइप्रस 34
फिनलैंड 32.4
लेबनान 31.9
स्रोत - स्मॉल आर्म्स सर्वे, 2018
अमरीका में मास शूटिंग में मौतें
वर्ष मौतें
2023 के 23 दिन 32 मौतें
2022 44110
2021 48990
2020 45200
2019 39700
2018 39740
Published on:
24 Jan 2023 12:04 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
