
वह दिन भी था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आंखू में आए थे आंसू
शहर के प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में चौहान ने किया मोदी@20 का विमोचन
इंदौर. यह पुस्तक किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश का महिमामंडन करती है। पुस्तक के लेखक कितने लब्ध प्रतिष्ठित हैं, यह सभी जानते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई ऐसे निर्णय लिए, जिनसे प्रतीत होता है कि वे भारत को भगवान का वरदान हैं। वे अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके कुशल नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। हर दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश में तेजी से कार्य हो रहे हैं।
उक्त बातें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शहर के प्रबुद्धजनों के बीच कही। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा के उत्कर्ष 20 वर्ष पर आधारित पुस्तक मोदी@20 के विमोचन अवसर पर बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक 22 विषय विशेषज्ञों, प्रसिद्ध पेशेवर व्यक्तित्व और बुद्धिजीवियों के विचारों और अनुभवों का संकलन है। प्रधानमंत्री ने अनुच्छेद-370 हटाया। तीन तलाक हटाने से अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को बड़ी राहत मिली। विपक्षी पहले कटाक्ष करते हुए कहते थे कि राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे, लेकिन अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है।
विदेश में बज रहा भारत का डंका
चौहान ने कहा कि रूस और यूक्रेन युद्ध में वहां फंसे भारतीय विद्यार्थियों को निकालने का काम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ। वहां की सरकारों ने कहा कि जो भी विद्यार्थी भारत का राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकलेगा, उसे सही सलामत उसके देश पहुंचा दिया जाएगा। कोरोना जैसी महामारी में भी जनता द्वारा लॉकडाउन लगवाकर व थाली-घंटी बजाकर मानसिक रूप से देश को तैयार किया। पहले अमरीका-जापान जैसे देश ही टीके का निर्माण करते थे और 5 से 10 साल बाद वह भारत आ पाता था, लेकिन पीएम के नेतृत्व में भारत के वैज्ञानिकों ने कोरोना के टीके बनाए। जो भारत में ही नहीं, विदेशों में भी लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि जब नरेंद्र मोदी व वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में निकली एकता यात्रा जम्मू पहुंची तो तत्कालीन सरकार ने वायु मार्ग से 8 लोगों को तिरंगा फहराने के लिए श्रीनगर जाने दिया। यात्रा के लगभग 80 लोगों को वह दृश्य देखने को नहीं मिला। इससे मोदी बहुत दु:खी हुए। तब इस विषय पर बात करते हुए उनके आंसू छलक आए थे
बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी हैं मोदी: महाजनलोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित विमोचित पुस्तिका में अलग-अलग क्षेत्र की विभूतियों के विचार हैं। उन्होंने जैसा महसूस किया, वैसा लिखा है। यह पुस्तक अवश्य पढ़ी जानी चाहिए। एक सामान्य नागरिक से देश के उच्च पद पर आसीन होने का मोदी ने बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। वे व्यापक सोच के साथ कार्य करने वाले बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी हैं। प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजक व पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने आयोजन की रूपरेखा व पुस्तक के बारे में जानकारी दी। संचालन एकलव्यसिंह गौड़ ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता बाबूसिंह रघुवंशी, सत्यनारायण सत्तन, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, मधु वर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्था जेपी मूलचंदानी, धीरज खंडेलवाल, चंदू माखीजा ने संभाली।
Published on:
12 Sept 2022 01:46 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
