scriptमनमोहन सिंह विदेश जाकर ‘मैडम’ का लिखा पन्ना पढ़ते थे, एक मोदी जी हैं जिनका भव्य स्वागत होता है: शाह | BJP President Amit Shah takes on Manmohan Government, praises Modi regime | Patrika News
71 Years 71 Stories

मनमोहन सिंह विदेश जाकर ‘मैडम’ का लिखा पन्ना पढ़ते थे, एक मोदी जी हैं जिनका भव्य स्वागत होता है: शाह

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मनमोहन सिंह विदेश जाते थे तो पता ही नहीं चलता था। लेकिन मोदी का भव्य स्वागत होता है, वो उनका नहीं देश की जनता का स्वागत है।

इंदौरNov 20, 2016 / 04:45 pm

Nakul Devarshi

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी के खिलाफ एकजुट होने वाले विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कल तक काला धन लाने को लेकर हो-हल्ला करने वाले आज नोटबंदी के फैसले पर एकजुट हो गये हैं लेकिन जनता के सामने उनका असली मुखौटा सामने आ गया है। 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के बाद किसी गैर कांग्रेसी सरकार को पहली बार बहुमत मिला। कांग्रेस के राज में विकास रुका और इक्कीसवीं शताब्दी भाजपा के राज में शुरू हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विदेश जाते थे तो पता ही नहीं चलता था। वो मैडम का लिखा पन्ना पढ़ देते थे। लेकिन मोदी का भव्य स्वागत होता है, वो उनका नहीं देश की जनता का स्वागत है। 
नगर निगम के चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने तथा भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने यहां कहा कि इन सभी दलों ममता, लालू, केजरीवाल, मुलायम, को जनता अच्छी तरह जान गयी है। जनता नोटबंदी के फैसले अच्छा कह रही है लेकिन कुछ दल इसका विरोध कर रहे हैं। 
उन्होंने कहा, ”हमें भी जनता की मुश्किलों का पता है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने कैंसर की सर्जरी करके सफाई करने की शुरूआत की है और आने वाले समय में गरीब तथा मध्यम वर्ग को इसका लाभ मिलेगा। फ्लैटों के दाम आधे रह जायेंगे। देश के अर्थतंत्र का खून चूसा जा रहा था।’
उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के रवैये पर हैरानी जताई कि पहले तो काले धन लाने को लेकर बवाल मचाया हुआ था लेकिन नोटबंदी के बाद इसका विरोध करना शुरू कर दिया। शायद राहुल बाबा को तो अनुभव है नहीं लेकिन उनके सलाहकार कैसे हैं जो सही सलाह नहीं देते। 
मोदी के इस कदम से आतंकी तक निर्धन हो गये। नशा माफिया, नक्सली गुटों के पास पैसा नहीं रहा। फर्जी नोट रद्द हो गये। उन्होंने कहा, ”राहुल बाबा पूछते हैं कि भाजपा सरकार ने अब तक क्या किया तो अब सुन लें भाजपा की सरकार बनने पर अर्थतंत्र की सफाई, देश की सीमाओं की सुरक्षा और न जाने कितनी योजनायें शुरू की हैं। देश का विकास हुआ है जो कांग्रेस ने दस साल में नहीं कराया। शायद गांधी ने इटैलियन चश्मा लगाया हुआ है।”
शाह ने कहा कि पहले सीमा पर पाक फौज ही गोलीबारी शुरू करती थी और वो ही अंत करती थी लेकिन अब अंत भारतीय फौज करती है। उसे दिल्ली के हुक्मरानों के आदेश की जरूरत नहीं और वो अपने फैसले खुद लेती है। अब किसी जवान का अपमान नहीं होने दिया जायेगा। अब गोले से जवाब दिया जाता है। 
उन्होंने कहा कि मोदी हर पंद्रह दिन में एक योजना लाये हैं और अब जनता उन्हें पंद्रह साल का समय दे तब जाकर देश की तस्वीर बदलेगी। इसके लिये भाजपा के हर कार्यकर्ता को डटकर मेहनत करनी है। भाजपा की विचारधारा को लेकर जन जन तक जाना है। इसके लिये बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही भाजपा को ताकत दे सकता है।

Hindi News / 71 Years 71 Stories / मनमोहन सिंह विदेश जाकर ‘मैडम’ का लिखा पन्ना पढ़ते थे, एक मोदी जी हैं जिनका भव्य स्वागत होता है: शाह

ट्रेंडिंग वीडियो