शुक्रवार-शनिवार की रात आसमान साफ होने से न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इससे रात में सर्दी की चुभन बढ़ी गई। दिन में धूप निकलने से मौसम बदल गया। शाम 4 बजे आसमान में काली घटाएं छा गई। बारिश जैसी स्थिति बन गई। बादलों के चलते शाम को ठंडक का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा।
मजबूत सिस्टम सक्रिय
राजस्थान में मजबूत चक्रवातीय घेरा बना है। इसे अरब सागर से नमी मिल रही है। इसका असर 4 फरवरी को देखने को मिलेगा। कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। 5 फरवरी को यह पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ जाएगा।
अरब सागर से आ रही है नमी
● जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। यह काफी मजबूत है। साथ ही गुजरात-राजस्थान के पास में चक्रवातीय घेरा बना है। इसे अरब सागर से नमी मिल रही है। पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जाएगा।
● राजस्थान, उत्तर प्रदेश से लगे जिले श्योपुर, मुरैना, भिंड में सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा। ग्वालियर में मध्यम असर रहेगा। तेज हवा के साथ बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि के आसार हैं।
● क्षोभ मंडल में 140 किमी प्रतिघंटा की गति से जेट स्ट्रीम विंड चल रही है। इस कारण कोहरे के साथ-साथ सर्दी का भी सामना करना पड़ सकता है क्योंकि हवा में नमी मौजूद रहेगी।
यहां ओले का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान भिंड, मुरैना, श्योपुर कला में कहीं-कहीं ओले पड़ सकते हैं। गरज चमक के साथ 30 से 40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
यहां बौछार संभव: ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, श्योपुरकलां, टीकमगढ़, नीमच और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।