scriptGonda news: दीपावली पर्व पर जगमग होगी गौशालाएं, गोवंश संरक्षण के लिए चलेगा अभियान | Patrika News
गोंडा

Gonda news: दीपावली पर्व पर जगमग होगी गौशालाएं, गोवंश संरक्षण के लिए चलेगा अभियान

Gonda news: योगी सरकार ने धनतेरस, दीपावली, भाई दूज पर्व के अवसर पर गोवंश संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव पशुधन ने इसके लिए दिशा निर्देश जारी किया है।

गोंडाOct 26, 2024 / 12:13 pm

Mahendra Tiwari

Gonda news

डीएम नेहा शर्मा

Gonda news: डीएम गोंडा नेहा शर्मा ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगामी त्योहारों विशेषकर दीपावली, गोवर्धन पूजा, और भाई दूज के अवसर पर निराश्रित गोवंशों की सुरक्षा और सेवा के लिए विशेष अभियान चलाए जाए। शासन के प्रमुख सचिव पशुधन अनुभाग के निर्देशों का अनुपालन करते हुए यह कार्य अभियान के तौर पर किया जाए।
Gonda news: डीएम ने शासन के निर्देश के क्रम में गोवंश संरक्षण एवं गो आश्रय स्थलों की अभियान चलाकर साफ सफाई करने के निर्देश दिए हैं। दीपावली पर्व पर जिले की सभी गौशालाएं जगमग दिखेंगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि त्योहारों के अवसर पर राजमार्गों पर बढ़ते यातायात के मद्देनज़र सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निराश्रित गोवंशों की सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे। अस्थायी गो आश्रय स्थल वृहद गो संरक्षण केंद्र, कांजी हाउस, और कान्हा गोशाला जैसी जगहों पर निराश्रित गोवंशों को संरक्षित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।

गोवर्धन पूजा पर गो पूजन और होगा व्यापक दीप प्रज्वलन

डीएम ने निर्देश दिए हैं कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर सभी गो आश्रय स्थलों पर गो पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। इस अवसर पर दीप प्रज्वलन भी किया जाएगा। गो पूजन के लिए पंडितों तथा आवश्यक पूजन सामग्री (रोली, चंदन, पुष्पमाला, गुड़ और फल) का इंतजाम किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से होगा गोवर्धन पूजा का आयोजन

डीएम ने सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधियों को गोवर्धन पूजा में शामिल करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जनप्रतिनिधि इस पर्व में सहभागिता करें। गो पूजन तथा गोवर्धन पूजा के आयोजनों को विधिवत रूप से सम्पन्न कराएँ। इसके साथ ही दुग्ध सहकारी समितियों के अध्यक्ष और सचिवों को भी इस पर्व में शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें

UP Transport Department : वाहन स्वामियों के लिए अच्छी खबर घर बैठे होंगे डुप्लीकेट आरसी समेत 9 काम

स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था में पंचायत महकमें की तय की गई भूमिका

जिले के सभी गो आश्रय स्थलों, पंजीकृत गौशालाओं, वृहद गो संरक्षण केंद्रों, और कान्हा गौशालाओं में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत चूने का छिड़काव, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, और गोवंशों के ठहराव के स्थानों की सफाई का कार्य किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई कर्मचारियों की तैनाती और निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।

गौ उत्पादों के उपयोग को मिलेगा प्रोत्साहन

डीएम ने सभी अधिकारियों से आग्रह किया है कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर गाय के गोबर से बने दीपों, मूर्तियों, और अन्य उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया जाएगा। इन उत्पादों की बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

जनभागीदारी से गोवंशों का सम्मानजनक आहार देने के निर्देश

गोवर्धन पूजा के दिन, सभी गो आश्रय स्थलों पर जनभागीदारी के माध्यम से गोवंशों के लिए दान स्वरूप फल और हरा चारा एकत्र किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि इस आयोजन को सम्मानजनक और धार्मिक भावना से संपन्न किया जाए। ताकि सभी निराश्रित गोवंशों को विधिवत आहार प्राप्त हो सके।

गोवर्धन पूजा को पर्व रूप में मनाने का डीएम ने किया आह्वान

डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि यह पर्व हमें भारतीय संस्कृति और परंपरा में गौमाता के महत्व का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की है कि “गावो विश्वस्य मातर:” की भावना के साथ गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाए। सभी संबंधित विभागों को इस पर्व को समर्पण और उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया गया है। ताकि यह पर्व एक आदर्श और सम्मानजनक रूप में जिले के सभी गोवंश प्रेमियों के बीच मनाया जा सके। लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन के इस दीपोत्सव से जुड़े समुचित प्रबंधों से न केवल गोवंशों का संरक्षण होगा। बल्कि त्योहारों की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को भी कायम रखा जाएगा।

Hindi News / Gonda / Gonda news: दीपावली पर्व पर जगमग होगी गौशालाएं, गोवंश संरक्षण के लिए चलेगा अभियान

ट्रेंडिंग वीडियो