
TVS iQube Electric Scooter
इलेक्ट्रिक वाहन खरीदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ख़ासकर टू-व्हीलर सेग्मेंट में लोग ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इलेक्ट्रिक स्कूटर सेग्मेंट में लगातार नए ब्रांड्स की एंट्री हो रही है, ऐसे में बीते दिनों कुछ दिग्गज प्लेयर्स की बिक्री को झटका भी लगा था। देश की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Hero Electric की भी बिक्री कम हो गई थी, और सेल्स चार्ट में ये ब्रांड नीचे खिसक गया था, लेकिन एक बार फिर से बीते अगस्त महीने में हीरो इलेक्ट्रिक कुल 10,482 यूनिट्स के साथ पहले पायदान पर पहुंच गया है। इन सब के बीच टीवीएस मोटर्स के एकलौते स्कूटर iQube ने जबरदस्त कमाल कर दिखाया है, अचानक से इस स्कूटर की डिमांड तकरीबन 8 गुना बढ़ गई है और बिक्री के मामले में इस स्कूटर ने ओला और बजाज चेतक जैसे ब्रांड्स को पीछे छोड़ दिया है।
बिक्री कर रिपोर्ट पर गौर करें तो टीवीएस मोटर्स ने बीते अगस्त महीने में iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर के कुल 6,301 यूनिट्स की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के अगस्त महीने में बेचे गए महज 651 यूनिट्स के मुकाबले तकरीबन 867% ज्यादा है। कंपनी ने हाल ही में अपने आई क्यूब इलेक्ट्र्रिक स्कूटर के नए अपडेटेड मॉडल को बाजार में उतारा है, जो कि इसकी बिक्री को बेहतर बनाने में मददगार साबित हुई है। वहीं ओला और बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री की बात करें तो इस दौरान इनके क्रमश: 3,435 यूनिट्स और 2,578 यूनिट्स की बिक्री हुई है।
कैसी है नई TVS iQube Electric Scooter:
हाल ही में प्रमुख दोपहिया कंपनी TVS ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर iQube के अपडेटेड वर्जन को पेश किया है। कुल दो वेरिएंट में आने वाले इस स्कूटर की शुरुआती कीमत 1.67 लाख रुपये है। टीवीएस आईक्यूब के बेस यानी एंट्री लेवल iQube वेरिएंट की कीमत 1,67,130 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है, इसमें फेस सब्सिडी को शामिल नहीं किया गया है। फेम सब्सिडी के बाद इसकी कीमत में 51,000 रुपये कम हो जाता है और इसकी कीमत महज 99,130 रुपये रह जाती है। वहीं iQube S वेरिएंट की कीमत 1,77,256 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। इसमें सब्सिडी के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1,09,256 लाख रुपये से हो जाती है।
हफ़्ते में करिए बस दो बार चार्ज:
टीवीएस का दावा है कि, TVS iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर को केवल हफ्ते में दो बार चार्ज करने की जरूरत है और हर रोज का खर्च महज 3 रुपये आती है। हालांकि कंपनी ने ये गणना रोजाना 20 किलोमीटर की ड्राइव और 5 रुपये प्रति यूनिट की बिजली के खर्च पर किया है। देश के कई राज्यों में बिजली दर 5 रुपये प्रति यूनिट के आस-पास है। बीते मई महीने में कंपनी ने इसके लांग रेंज ST वेरिएंट को पेश किया था, जिसकी बुकिंग फिलहाल बंद है और इसकी डिलीवरी अगस्त महीने से शुरू की जाएगी।
मिलते हैं ये फीचर्स:
इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ एक ऑल-एलईडी लाइटिंग सिस्टम, एक TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। इसके इस्तेमाल से आप नेविगेशन असिस्ट, जियो-फेंसिंग, रेंज, चार्ज स्टेटस, राइड स्टैटिस्टिक्स और ओवरस्पीड अलर्ट जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं। स्टैण्डर्ड वैरिएंट में 5-इंच का डिस्प्ले मिलता है जबकि S में 7-इंच यूनिट के साथ लेफ्ट स्विचगियर पर 5-वे जॉयस्टिक दिया गया है। टॉप-एंड ST वैरिएंट में 7-इंच टचस्क्रीन डिस्प्ले के साथ-साथ जॉयस्टिक भी मिलता है। कंपनी ने इसमें एक यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और एक ***** लाइट भी दिया गया है और इसमें 32-लीटर का अंडरसीट स्टोरेज स्पेस भी दिया गया है।
TVS iQube की बैटरी और परफॉर्मेंस:
कंपनी ने इस स्कूटर में 4.4kW की क्षमता का इलेक्ट्रिक मोटर इस्तेाल किया है जो कि 140Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि इसका S वेरिएंट सिंगल चार्ज में 100 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देती है और इसकी टॉप स्पीड 78 किलोमीटर प्रतिघंटा है। पिकअप के मामले में ये स्कूटर काफी बेहतर है, दावे के अनुसार ये स्कूटर महज 4.2 सेकेंड में ही 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार पकड़ने में सक्षम है। वहीं ST वेरिएंट की टॉप स्पीड 82 किलोमीटर प्रतिघंटा है और सिंगल चार्ज में ये स्कूटर 145 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देती है। इस स्कूटर को अधिकतम 4.30 घंटे में फुल चार्ज कर सकते हैं।
Updated on:
14 Sept 2022 02:46 pm
Published on:
14 Sept 2022 02:42 pm
बड़ी खबरें
View Allइलेक्ट्रिक व्हीकल्स
ऑटोमोबाइल
ट्रेंडिंग
