करौली-धौलपुर जिले में 5 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जिले में अच्छी सफलता हासिल हुई। चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा का सूपड़ा साफ करते हुए चार में से तीन सीटों पर जीत हासिल की। इसमें धौलपुर से शोभारानी कुशवाहा, बसेड़ी से संजय जाटव और राजाखेड़ा सीट से रोहित बोहरा विजयी रहे। जबकि बाड़ी विधानसभा सीट बसपा के खाते में रही। यहां से जसवंत सिंह विजयी रहे जबकि कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए गिर्राज सिंह मलिंगा दूसरे स्थान पर रहे। जबकि कांगे्रस यहां तीसरे नम्बर पर रही। इसी तरह पड़ोसी करौली जिले में दो सीट हिण्डौन व टोडाभीम पर कांग्रेस के खाते में रही जबकि भाजपा ने करौली व सपोटरा पर जीत हासिल की। बता दें कि करौली-धौलपुर लोकसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के डॉ.मनोज राजौरिया सांसद हैं। वे दूसरी दफा विजयी रहे हैं। हालांकि, दोनों जिलों में 8 में से 5 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमा आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी चुनौती के संकेत दिए हैं।
पूर्वी राजस्थान पर भाजपा का फोकस बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। भरतपुर संभाग के भरतपुर जिले में हाल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का मुंह देखना पड़ा। एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई। यहां 7 सीटों में से 5 पर भाजपा, एक पर आरएलडी और एक पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहीं। निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़ी थी। वहीं, संभाग के सवाईमाधोपुर जिले की चार सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के पास 2-2 सीटें हैं। पूर्वी राजस्थान पर भाजपा का इस दफा फोकस बना हुआ है। विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के बड़े कद्दावर समेत पीएम मोदी व अमित शाह ने संभाग में रैलियां की थी। इसको देखते हुए कांग्रेस भी इस दफा मजबूती दिखाने का प्रयास कर रही है।
विधानसभा चुनाव में मनियां आए थे राहुल गांधी कांग्रेस नेता इससे पहले विधानसभा चुनाव में जिले के मनियां इलाके में सभा की थी। मनियां राजाखेड़ा विधानसभा सीट में आता है। इस सीट पर कांग्रेस के रोहित बोहरा विजयी रहे थे। राहुल गांधी ने मनियां कस्बे के पास गत 22 नवम्बर को जनसभा की थी। संभवतया राहुल गांधी की फरवरी माह में न्याय यात्रा आगरा से धौलपुर होते ग्वालियर की तरफ निकलेगी। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पं.दुर्गादत्त शास्त्री ने बताया कि यात्रा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगी।