
सिकंदरा. वन्य जीव नील गाय का शिकार करने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण।
दौसा. सिकंदरा थाना इलाके के कारोली गांव में बुधवार देर रात को बाइक सवार अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर नीलगाय का शिकार करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के दौरान आरोपियों ने नीलगाय को मार कर उसकी चमड़ी उधेड़ कर मांस को तस्करी के लिए प्लास्टिक के बैग एवं कट्टों में भर लिया था, लेकिन इसी बीच ग्रामीणों को गोली के धमाके की आवाज से घटना का पता लग गया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो इससे पहले ही आरोपी मांस के कट्टों को मौके पर छोड़कर बाइक से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना रानोली पुलिस चौकी एवं सरपंच रघुनाथ सैनी को दी। सरपंच ने रात को मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर नीलगाय का आधा कटा हुआ शव एवं मांस से भरे कट्टे बरामद किए। सूचना के बाद भी रात को पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घटनास्थल चौकी से महल एक किलोमीटर दूर होने के बावजूद भी पुलिस की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
गुरुवार सुबह रानोली चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह, वन विभाग के फोरेस्टर दीनदयाल बैरवा घटनास्थल पहुंचे। जहां पर नील गाय के मांस से भरे हुए कट्टो को बरामद किया। पुलिस ने पशु चिकित्सकों से नीलगाय के शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर पशु चिकित्सकों ने भी नीलगाय की मौत बंदूक की गोली से होने की पुष्टि की है। पशु चिकित्सक दिनेश बैरवा ने बताया कि नीलगाय की मौत गोली से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट जल्दी ही वन अधिकारियों को सौंप दी जाएगी, वहीं देर शाम तक वन विभाग द्वारा इस मामले में आरोपियों के खिलाफ किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया गया है।
पूर्व में भी कई नील गायों का हो चुका है शिकार : सरपंच रघुनाथ सैनी एवं ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में करीब एक माह से वन्यजीवों को मारने वाले लोग संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। गांव में पूर्व में भी इसी प्रकार नीलगाय के मरे हुए क्षत-विक्षत शव ग्रामीणों को मिले हैं। इसके बावजूद पुलिस व वन विभाग के अधिकारी इस मामले में गंभीरता नहीं बरत रहे। ऐसे में तस्करी करने वाले लोगों के हौसले बुलंद हैं। सरपंच व ग्रामीणों ने बताया कि नीलगाय को मांस तस्कर गिरोह ने बंदूक की गोली से मारा है।
- वन्यजीव नीलगाय का कुछ लोगों ने रात को शिकार किया है। जिसका पशु चिकित्सकों से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्य जीव अपराध की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
- दीनदयाल बैरवा,
फोरेस्टर लांका वन चौकी।
Published on:
03 Dec 2021 09:57 am

बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
