
लालसोट की सेडूलाई कॉलोनी के पास ट्रेलर व ट्रक की भिड़ंत के बाद केबिन में फंसे खलासी को बाहर निकालने में जुटे ग्रामीण।
लालसोट (दौसा). शहर की सेडूलाई कॉलोनी के पास लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर रविवार दोपहर ट्रेलर व तूड़ी भरे ट्रक के बीच आमने सामने की भिडंत हो गई। घटना में ट्रेलर का चालक घायल हो गया और खलासी ट्रेलर की केबिन में फंस गया। जिसे करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जिंदा बाहर निकाल लिया। जिंदगी व मौत के बीच करीब ढाई घंटे तक जूझ रहे खलासी के जिंदा बाहर निकाले जाने के बाद मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ व पुलिस कर्मियों ने राहत की सास ली। पुलिस के अनुसार एक खाली ट्रेलर लालसोट से सवाई माधोपुर की ओर जा रहा था। तभी सेडूलाई कॉलोनी के थोड़ा आगे चलते ही सामने से आ रहे तूड़ी भरे एक ट्रक से भिड़ंत हो गई। घटना के बाद ट्रक मौके पर ही पलट गया और ट्रेलर की केबिन ट्रक से टकराने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में ट्रक का चालक सुखराम मीना पुत्र रमेशचंद मीना निवासी बालेटा जिला अलवर घायल हो गया और इसी वाहन में मौजूद खलासी रमाकांत मीना केबिन में फंसा रह गया। जानकारी मिलते ही लालसोट की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को लालसोट सीएचसी पहुंचाया। जहां से जयपुर रैफर कर दिया।
बारिश भी डिगा नहीं पाई युवाओं को
करीब ढाई घंटे तक बचाव अभियान के दौरान दो-तीन बार तेज बारिश भी आई, लेकिन युवाओं के हौसलों को नहीं डिगा पाई। मेहनत के बाद जब खलासी को जिंदा बाहर निकाला तो बचाव अभियान में जुटे युवाओं, ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों के चेहरों पर थोड़ा संतोष भाव भी नजर आया। उत्साहित युवाओं ने भारत माता के जयकारे भी लगाए।
यातायात डायवर्ट: वाहनों भिड़ंत के बाद कोटा मेगा हाइवे पर यातायात बाधित हो गया और रोड के दोनों तरफ वाहनों की कई किमी लंबी कतारें लग गई। मंडावरी थाना प्रभारी भरतलाल भी जाप्ते के साथ जा पहुुंचे। लालसोट पुलिस ने गौरव पथ और बिहारीपुरा मोड़ से यातायात को डायवर्ट किया।
पुकार सुनकर चला पता
भिड़ंत का पता लगते ही सोनंदा के ग्रामीण पहुंच गए। घायल चालक को एंबुलेंस से लालसोट सीएचसी पहुंचाने के बाद जब केबिन से खलासी द्वारा बाहर निकालने की पुकार सुनी तो ग्रामीणों को उसके फंसे होने की जानकारी मिली। पुलिस ने ग्रामीणों व एक अन्य ट्रेलर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को पीछे हटाने का प्रयास किया। के्रन को बुलाकर ट्रेलर को ऊंचा उठाने का भी प्रयास नाकाम रहा। ग्रामीणों ने एक जेसीबी को बुला कर ट्रक में भरी तूड़ी को खाली कराने का कार्य शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर की केबिन से तूड़ी का वजन कम हुआ तो फंसा हुआ खलासी नजर आने लगा और युवाओं ने क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटा उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
Published on:
03 Jan 2021 09:35 pm

बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
