बीती एक फरवरी को रोहतक की चिन्योट कालोनी निवासी नेपाली मूल की एक मंदबुद्धि युवती अचानक घर से लापता हो गई। चार दिन बाद उसका शव बहुअकबरपुर गांव के खेतों से मिला। जिसे कुत्तों ने नोच रखा था। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि युवती के साथ दरिंदगी की सभी हदों को लांघते हुए न केवल सामूहिक दुष्कर्म किया गया बल्कि उसके गुप्तांगों में लोहे का सामान डालकर मार दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर से पत्थर, लोहे के कील आदि भी मिले थे। पुलिस ने जांच के दौरान निकटवर्ती गांव गद्दीखेड़ी निवासी सुनील, पदम, पवन, मनवीर, राजेश, सरवर तथा सुनील के अलावा एक नाबालिग व दिल्ली निवासी सोमवीर को नामजद किया था।