scriptIPL 2023 : गिल का तूफानी अर्धशतक, गुजरात ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया | Patrika News
क्रिकेट

IPL 2023 : गिल का तूफानी अर्धशतक, गुजरात ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया

GT vs CSK: चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के सामने 179 रन का लक्ष्य रखा। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 92 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए। जवाब में गुजरात टाइटंस ने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के शानदार अर्धशतक की मदद से इस लक्ष्य को 5 विकेट खोकर चार गेंद रहते हासिल कर लिया।

Apr 01, 2023 / 07:48 am

Siddharth Rai

gt_best_csk.png

Indian Premier league 2023 Gujarat Titans vs Chennai Super Kings: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वे सीजन का पहला मुक़ाबला डिफेंडिंग चैंपियंस गुजरात टाइटंस (GG) और चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में गुजरात ने चेन्नई को 5 विकेट से हरा दिया।

गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के सामने 179 रन का लक्ष्य रखा। चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा 92 रन ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए। उनके अलावा मोईन अली ने 23 रन की पारी खेली। धोनी ने आखिरी ओवर में एक चौका और एक सिक्स लगाकर टीम का स्कोर सात विकेट पर 178 रन तक पहुंचाया। उन्होंने सात गेंद में 14 रन बनाए। गुजरात के लिए राशिद खान, अल्जारी जोशेप और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जोशुआ लिटिल को एक विकेट मिला।

जवाब में गुजरात टाइटंस ने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के शानदार अर्धशतक की मदद से इस लक्ष्य को 5 विकेट खोकर चार गेंद रहते हासिल कर लिया। आखिरी दो ओवर में गुजरात को जीत के लिए 23 रनों की जरूरत थी। तभी राशिद खान ने क्रीज़ पर आते ही मोर्चा संभाला और राहुल तेवतिया के साथ मिलकर दीपक चहर के 19वे ओवर में 15 रन ठोक डाले।

अब आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रनों की जरूरत थी। तुषार ने पहली गेंद वाइड डाली। इसकी अगली गेंद पर तेवतिया ने सिक्स मारकर स्कोर बराबर कर दिया और अगली गेंद पर चौका लगा कर मैच जीत लिया। राशिद ने तीन गेंद पर एक सिक्स और एक चौके की मदद से 10 रन, वहीं तेवतिया ने 14 गेंद पर नाबाद 15 रन बनाए।

गुजरात टाइटंस को पहला झटका राजवर्धन हंगरगेकर ने दिया। उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। साहा ने 16 गेंद पर 25 रन बनाए। गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन को अपना पहला इम्पैक्ट प्लेयर बनाया। सुदर्शन ने केन विलियम्सन की जगह ली। विलियम्सन फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। उसके बाद वह मैच से बाहर हो गए। सुदर्शन को साहा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। 10वें ओवर में राजवर्धन हंगरगेकर ने साई सुदर्शन को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया। सुदर्शन ने 17 गेंद पर 22 रन बनाए।

इसी बीच शुभमन गिल ने 12वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मिचेल सैंटनर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर 50 रन का आंकड़ा छुआ। लेकिन तभी कप्तान हार्दिक पांड्या 13वें ओवर में आउट हो गए। उन्हें रवींद्र जडेजा ने पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। हार्दिक ने 11 गेंद पर आठ रन बनाए। इसके बाद शुभमन गिल को तुषार देशपांडे ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट कर दिया। तुषार को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया। उन्होंने गिल को 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट किया। शुभमन गिल ने 36 गेंद पर 63 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन सिक्स लगाए।

विजय शंकर के रूप में गुजरात टाइटंस को पांचवां झटका लगा है। उन्हें 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर राजवर्धन हंगरगेकर ने आउट किया। शंकर ने 21 गेंद पर 27 रन बनाए। मिचेल सैंटनर ने उनका कैच लिया। चेन्नई के लिए राजवर्धन हंगरगेकर ने तीन, तुषार और जडेजा ने एक-एक विकेट झटके।

Hindi News/ Sports / Cricket News / IPL 2023 : गिल का तूफानी अर्धशतक, गुजरात ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया

ट्रेंडिंग वीडियो