scriptMI vs DC: हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी के बाद सजना ने आखिरी गेंद पर सिक्स लगाकर मुंबई को जीत दिलाई, दिल्ली 4 विकेट से हारा | Sajana last ball six after Harmanpreet Kaur fifty mumbai indians beat delhi capitals by 4 wickets in WPL 2024 | Patrika News
क्रिकेट

MI vs DC: हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी के बाद सजना ने आखिरी गेंद पर सिक्स लगाकर मुंबई को जीत दिलाई, दिल्ली 4 विकेट से हारा

दिल्ली ने ऑलराउंडर ऐलिस कैप्सी की तूफानी 75 रनों की पारी की मदद से 172 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसे मुंबई ने आखिरी गेंद पर छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई को आखिरी गेंद पर 5 रनों की जरूरत और सजना ने सिक्स लगाकर जिता दिया।

Feb 23, 2024 / 11:40 pm

Siddharth Rai

sajna_.jpg

Mumbai Indians Women vs Delhi Capitals Women, Women Premier league 2024: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे सीजन का पहला मुक़ाबला गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) और पिछले साल की रनरअप दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुक़ाबले में सजीवन सजना के लास्ट बॉल सिक्स की मदद से मुंबई ने दिल्ली को चार विकेट से हरा दिया।

दिल्ली कपिटल्स ने ऑलराउंडर ऐलिस कैप्सी की तूफानी 75 रनों की पारी की मदद से मुंबई के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसे मुंबई ने आखिरी गेंद पर छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई को जीत के लिए आखिरी ओवर में 12 रनों की जरूरत थी और गेंद ऑफ स्पिनर कैप्सी के हाथों में थी। कैप्सी ने बेहतरीन गेंदबाजी की और इस ओवर में दो विकेट झटके। पहली गेंद पर उन्होंने पूजा वस्त्राकर को पवेलियन भेजा। वहीं अर्धशतक लगाकर खेल रही मुंबई इंडियंस की हरमनप्रीत कौर को 5वीं गेंद पर बाउंड्री में कैच आउट कराया। हरमनप्रीत 34 गेंद पर 55 रन बनाकर आउट हुई।

अब जीत के लिए मुंबई को एक गेंद पर 5 रनों की जरूरत थी और क्रीज़ पर सजीवन सजना थी जो अपनी पहली गेंद खेल रही थी। लेकिन सजना ने बिना कोई गलती किए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया और टीम को रोमांचक जीत दिलाई। इस जीत के साथ मुंबई ने चेज़ करते हुए 100% जीत का रिकॉर्ड बनाए रखा है। मुंबई ने अबतक छह मैच में चेज़ किया है और उसे हर बार जीत मिली है। वहीं यह मुंबई की डबल्यूपीएल में दिल्ली के खिलाफ चार मैचों में तीसरी जीत है।

मुंबई के लिए हरमनप्रीत के अलावा विकेटकीपर यास्तिका भाटिया ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। यास्तिका ने 45 गेंद पर 8 चौके और दो सिक्स की मदद से 57 रन बनाए। वहीं अमेलिया केर ने 18 गेंद पर 24 रनों का योगदान दिया। दिल्ली के लिए ऐलिस कैप्सी और अरुंधति रेड्डी ने दो – दो विकेट लिए, वहीं मारिजैन कैप और शिखा पांडे ने एक – एक विकेट झटका।

इससे पहले दिल्ली ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 171 रनों का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के लिए ऐलिस कैप्सी ने 53 गेंदों में आठ चौके और तीन सिक्स की मदद से 75 रनों की पारी खेली। वहीं जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 24 गेंदों में पांच चौके और दो सिक्स की मदद से 42 रन बनाये। कप्तान मेग लानिंग 31 रन का योगदान दिया। मुंबई इंडियंस की ओर से नैट साइवर-ब्रंट और एमेलिया केर ने दो-दो विकेट लिये। शबनीम इस्माइल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Hindi News/ Sports / Cricket News / MI vs DC: हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी के बाद सजना ने आखिरी गेंद पर सिक्स लगाकर मुंबई को जीत दिलाई, दिल्ली 4 विकेट से हारा

ट्रेंडिंग वीडियो