3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs SL: नए साल का आगाज जीत के साथ, भारत ने पहले T20 में श्रीलंका को 2 रन से हराया

IND vs SL 1st T20 : भारत ने पहले बल्लेबाजी करते निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 162 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम जीत के लिए संघर्ष करते हुए 160 पर ढेर हो गई। श्रीलंका के लिए दासुन शनाका ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए।

2 min read
Google source verification
india_beat_srilanka.png

India vs Srilanka 1st T20: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुक़ाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मुक़ाबले में भारत ने पहले बल्ले से और फिर गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 2 रन से हरा दिया। भारत द्वारा 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के लिए कप्तान दासुन शनाका ने शानदार बल्लेबाजी की और खराब शुरुआत के बावजूद मैच को करीब ले गए। लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाये। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 162 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा दीपक हुड्डा ने 41 रन बनाए। इसके अलावा ईशान किशन ने 37, अक्षर ने 31 और हार्दिक ने 29 रन बनाए। श्रीलंका के लिए चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, दिलशान मदुशंका, धनंजया डीसिल्वा और वानिंदू हसरंगा ने एक- एक विकेट चटकाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 160 पर ढेर हो गई। श्रीलंका के लिए दासुन शनाका ने सबसे ज्यादा 45 रन, कुशल मेंडिस ने 28 और चमिका करुणारत्ने ने 23 रनों की पारी खेली। भारत के लिए शिवम मावी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम का पहला विकेट 12 रन के स्कोर पर गिरा। शिवम मावी ने पथुम निशांका को पवेलियन भेजा। निशांका तीन गेंद पर एक रन बनाने के बाद क्लीन बोल्ड हुए। शिवम मावी ने 24 रन के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। उन्होंने धनंजय डीसिल्वा को संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। धनंजय ने छह गेंद में आठ रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे।

इसके बाद टीम लड़खड़ा गई और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। 47 रन के स्कोर पर भारत को तीसरा विकेट मिला । उमरान मलिक ने चरिथ असालंका को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। असालंका ने 15 गेंद में 12 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और एक सिक्स शामिल था। 51 रन के स्कोर पर श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा। कुशल मेंडिस 25 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। हर्षल पटेल की गेंद पर संजू सैमसन ने उनका कैच पकड़ा।

68 रन के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। हर्षल पटेल ने भानुका राजपक्षे को कप्तान हार्दिक के हाथों कैच कराया। भानुका ने 11 गेंद में 10 रन बनाए। इसके बाद दासुन शनाका और वानिंदू हसरंगा ने टीम को संभाला और तेजी से रन बनाए चालू किए। दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए छठे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। अब ऐसा लगने लगा था कि श्रीलंका मैच को करीब लेकर जाएगा। लेकिन तभी अपना डेब्यू कर रहे मावी ने श्रीलंका को एक और झटका दिया। मावी ने हसरंगा को कप्तान हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराया।

इसके बाद शनाका ने मैच को अकेले फिनिश करने को कोशिश की। लेकिन 129 के स्कोर पर वे उमरान मलिक की गेंद पर युजवेंद्र चहल को कैच दे बैठे। शनाका ने मात्र 27 गेंद पर तीन सिक्स और तीन चौके की मदद से 45 रन बनाए। भारत के लिए शिवम मावी के अलावा हर्षल पटेल और उमरान मलिक ने दो - दो विकेट लिए।

Story Loader