
एक कमरे के घर में रहता था रोहित का परिवार, आज अरबों रुपए के मालिक।
Happy Birthday Rohit Sharma : भारतीय क्रिकेट टीम और इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा जहां आज अपना 36वां जन्मदिन मनाएंगे। वहीं, आज ही मुंबई इंडियंस की टीम अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी लीग मुकाबला खेलेगी। रोहित आज एक जाना-पहचाना नाम हैं और सबसे अमीर भारतीय क्रिकेटरों में से एक हैं। लेकिन, उनका बचपन बेहद गरीबी और तंगहाली में बीता था। हाल यह था कि उनका परिवार मुंबई के डोंबिवली में एक कमरे के मकान में रहता था। रोहित शर्मा के जन्मदिन पर आज आपको बताते हैं उनसे जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां।
पिता स्टोरहाउस में केयरकेटर थे
रोहित के पिता गुरुनाथ शर्मा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोरहाउस में केयरटेकर का काम करते थे। माता-पिता के अलावा रोहित का एक बड़ा भाई है, जिसका नाम विशाल शर्मा है। पिता की कमाई बहुत ज्यादा नहीं थी, इसलिए रोहित को उनके दादा और अंकल के पास भेज दिया गया, जो बोरिवली में रहते थे। रोहित छुट्टियों में ही अपने माता-पिता से मिलने के लिए आते थे।
ऑफ स्पिनर से बने बल्लेबाज
रोहित ने 1999 में एक ट्रेनिंग कैंप ज्वाइन किया, जिसके कोच दिनेश लाड थे। रोहित पहले एक ऑफ स्पिनर थे और नंबर सात-आठ पर बल्लेबाजी करते थे। लेकिन, दिनेश लाड को उनकी बल्लेबाजी पसंद आई और उन्होंने रोहित को ओपनर के तौर पर तैयार किया। रोहित ने हैरिस एंड गिल्स शील्ड स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में शतक के साथ ओपनर के तौर पर डेब्यू किया।
मुंबई इंडियंस टीम को दी जन्मदिन की पार्टी
रोहित ने पत्नी रितिका के साथ शुक्रवार की रात मुंबई इंडियंस टीम और अपने खास दोस्तों को जन्मदिन की पार्टी दी। इस मौके पर रोहित काले रंग की शर्ट और पैंट में काफी स्मार्ट और कूल दिखे। पार्टी में मुंबई इंडियंस टीम के मालिक आकाश अंबानी भी आए थे। वहीं, आज मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा को जन्मदिन की बधाई दी है।
यह भी पढ़ें : दिग्गज अनिल कुंबले ने कर दी भविष्यवाणी, ये 4 टीमें पहुंचेंगी आईपीएल के प्लेऑफ में
30 करोड़ रुपए के फ्लैट में रहते हैं
बता दें कि रोहित शर्मा मुंबई के वर्ली में एक लक्जरी फ्लैट में रहते हैं। समुद्र के किनारे स्थित यह फ्लैट 29वें फ्लोर पर है। 6000 स्क्वॉयर फीट में बने इस फ्लैट की कीमत करीब 30 करोड़ रुपए हैं। उनके पास इसके अलावा कई और आलीशान घर हैं।
महंगी गाडिय़ों का जखीरा
रोहित के पास 3.10 करोड़ रुपए की लेम्बोर्गिनी उर्स है। उनके पास मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू के अलावा कई महंगी गाडिय़ां हैं।
यह भी पढ़ें : रोहित शर्मा को आज मिलेगा बर्थडे का तोहफा या बढ़ेगा बाहर होने का खतरा
Updated on:
30 Apr 2023 09:10 am
Published on:
30 Apr 2023 09:06 am
