यूरिया आते ही लेने उमड़े किसान, प्रति किसान दो-दो कट्टे दिए-video
नैनवां. मांग के अनुरूप यूरिया की आपूर्ति नहीं हो पाने से नैनवां उपखण्ड में किसानों को खरीफ की फसलों के लिए आवश्यकतानुसार यूरिया नहीं मिलने से यूरिया की किल्लत बनी हुई है। यूरिया की किल्लत की स्थिति यह बनी हुई है कि आठ दिन बाद एक दुकान पर यूरिया आते ही किसान लेने के लिए दौड़ पड़े। दुकान पर आए 756 कट्टे दो घण्टे में ही वितरित हो गए। कट्टे कम होने व किसान अधिक आ जाने से प्रति किसान दो-दो कट्टों का ही वितरण करना पड़ा। यूरिया नहीं मिल पाने से कई किसान खाली हाथ ही लौट गए।
नगरपालिका के सामने स्थित एक दुकान पर यूरिया खाद का ट्रक पहुंचने की जानकारी मिलते ही दुकान के बाहर कतारों में खड़े किसानों ने बताया कि मक्का, बाजरा व ज्वार की फसलों के लिए यूरिया की आवश्यकता है। बिजलबा, सुवानिया, पांडुला, चेनपुरिया, खोलडा, भावपुरा, सुन्थली, धीरपुर, धानुगांव, खानपुरा, मानपुरा, दियाली, टोपा, कोरमा, फूलेता, खेरुणा, दलेलपुरा, नाथड़ी, नाथड़ा बागेडा, बड़ीपडाप, छोटीपडाप, बम्बूली, भोमपुरा, लालगंज सहित अन्य गांव के किसानों की भीड़ लग गई। जिनमे महिला किसान भी शामिल थी। कट्टे कम आने व किसान अधिक होने से दुकानदार ने किसानों को कतारों में खड़ा करवा कर खाद का वितरण शुरू कराया। दुकानदार ने बताया कि दुकान पर 756 कट्टे आए थे। प्रति किसान दो-दो कट्टे वितरित करवा दिए। खाद की किल्लत की स्थिति यह है कि दुकान पर आया खाद दो घण्टे में ही वितरित हो गया।
कृषि विभाग के जानकार सूत्रों का कहना है कि इस वर्ष तो खरीफ की फसल के समय जुलाई में ही यूरिया की किल्लत पैदा हो गई थी। अभी किसानों को मक्का, बाजरा व ज्वार की फसलों में देने के लिए यूरिया की आवश्यकता है। किसानों को खरीफ की फसलों के लिए जितना यूरिया की आवश्यकता है। उतने यूरिया की आपूर्ति नहीं हो पा रही।