
पति-पत्नी की जिंदगी पर भारी पड़ी अंगीठी की आंच
बीकानेर. जिले के बीछवाल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सर्दी से बचाव के लिए कोयले की अंगीठी जलाकर बंद कमरे में सोए दंपती की दम घुटने से मौत हो गई। धुएं से कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और उनका दम घुट गया। दोनों सुबह नहीं उठे।बीछवाल एसएचओ महेन्द्र दत्त शर्मा ने बताया कि करणी रिको इण्डस्ट्रीयल एरिया में सन्नी वूलन मील में काम करने वाले गुवाहाटी के डोगरी जिले के खेरबाड़ी निवासी अनिल बर्मन (38) एवं उसकी पत्नी पूर्णिमा बर्मन (35) रविवार रात कमरे में लोहे के बर्तन में कोयले जलाकर सोए थे। जिनकी दम घुटने से मौत हो गई। हादसे का पता चलने पर करणी चौकी इंचार्ज हेडकांस्टेबल किशनसिंह शेखावत मय टीम मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा तोड़ दोनों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने दोनेां को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि पड़ोसियों के अनुसार मृतका पूर्णिमा बर्मन रोजाना सुबह छह बजे उठ जाती थी। सोमवार सुबह आठ बजे तक भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो शंका हुई। पड़ोसियों ने वहां के चौकीदार को बुलाया। दरवाजे की कुंडी तोड़कर देखा तो दोनों अचेत थे। तब पुलिस को सूचना दी।
कमरे में कोई खिड़की नहीं थी
जिस कमरे में दंपती रह रहे थे वहां कोई खिड़की नहीं थी। एक-दो झरोखे थे, जिन्हें भी सर्दी के कारण बंद कर रखा था। दंपती अपने 12 साल की बेटी व आठ साल के बेटे के साथ रहते थे। दोनों पति-पत्नी करीब दो महीने पहले गांव गए थे तब बेटे-बेटी को छोड़कर बीकानेर लौटे थे। हादसे के समय वे अकेले ही थे।
Published on:
10 Jan 2023 02:04 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
