डेढ़ करोड़ की लूट का मामला: लुटेरों का मददगार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी पकड़ से दूर।
बीकानेर. बीछवाल थाना इलाके में तीन पहले अनाज व्यापारी के कर्मचारियों से एक करोड़ 43 लाख की लूट मामले में पुलिस ने आरोपी के मददगार को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि वारदात के षड्यंत्र, लूट की राशि को छुपाने एवं आरोपियाें की फरारी में मदद करने के आरोपी चूरू के घंटेल निवासी शेरसिंह (32) पुत्र करणी सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने 29 लाख रुपए पहले ही बरामद कर लिए हैं। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले सभी तीनों आरोपी अब तक फरार हैं। पुलिस की आठ टीमें उनकी तलाश में लगी हुई हैं।
पुलिस ने अब तक 30 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की और 280 कैमरों को खंगाला, तब जाकर वह आरोपियों के मददगार तक पहुंच पाई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस लुटेरों का पीछा करते-करते जयपुर तक पहुंची है। आरोपी लग्जरी गाडि़यों में भाग रहे हैं। 30 से 35 किलोमीटर तक का सफर कर फिर गाड़ी बदल लेते हैं। इतना ही नहीं आरोपियों के दिल्ली और वहां से हिमाचल जाने की भी आशंका है। पुलिस ने गाडि़यों में आरोपियों की लिफ्ट देने वालों से भी पूछताछ की, जिन्होंने अनजाने में राहगीरों की मदद के लिहाज से लिफ्ट दी।
पुलिस के अनुसार, वारदात का मास्टर माइंड चांदरतन उर्फ चांदसिंह है। उसने अपने साथी चूरू के घंटेल निवासी अंशुल उर्फ मोंटी पुत्र लाल सिंह राजपूत एवं चूरू निवासी किशनसिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। अंशुल व किशनसिंह ने कार लेकर पहले रैकी की। जब अनाज व्यापारी रामवतार सारस्वत के कर्मचारी मुकेश व संपत सारस्वत स्कूटी पर डेढ़ करोड़ रुपए लेकर रवाना हुए, तो उन्हाेंने इन्द्रा कॉलोनी में भैरुंजी मंदिर के पास रुकवाया और रुपयों से भरा बैग छीन कर भाग गए।
बीकानेर. देशनोक पुलिस ने अवैध पिस्टल के साथ एक युवक को पकड़ा है। देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत ने बताया कि शनिवार शाम को गश्त के दौरान गीगासर निवासी लक्ष्मण सिंह (21) पुत्र शेरसिंह राजपूत को पकड़ा। तलाशी के दौरान युवक के पास से देशी कट्टा मिला। आरोपी युवक से हथियार खरीद फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
बीकानेर. पूगल थाना इलाके में अनियंत्रित होकर एक बाइक नहर में गिर गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस संदर्भ में मृतक के भाई छोटा रामसर निवासी चंदूराम मेघवाल की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। उसने रिपोर्ट में बताया कि दो अप्रेल की शाम को वह भूराराम पुत्र रामचन्द्र के साथ घर चला गया। परिवादी के भाई नेनूराम की बाइक चक सीएम नाडा आते समय इंदिरा गांधी नहर की आरडी 764 पुलिया पर अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। डूबने से उसकी मौत हो गई।