scriptफिर हुंकार भरने को तैयार हो रहा दशानन का परिवार | Dashanan's family is getting ready to roar again | Patrika News
बीकानेर

फिर हुंकार भरने को तैयार हो रहा दशानन का परिवार

दशहरा महोत्सव की तैयारियां चल रही है। शहर में वि​भिन्न स्थानों पर होने वाले दशहरा महोत्सव के लिए रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले आकार लेना प्रारंभ हो गए है। एक बार फिर दशानन का परिवार हुंकार भरेगा। वहीं दशहरे के दिन निकाली जाने वाली सचेतन झांकियों की भी तैयारियां चल रही है।

बीकानेरOct 07, 2024 / 12:00 am

Vimal

बीकानेर.अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व दशहरा शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। कई स्थानों पर दशहरा महोत्सव के आयोजन होंगे। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। भव्य आतिशबाजी होगी। दशहरा पर शहर में सचेतन झांकियां निकाली जाएगी। दशहरा महोत्सव को लेकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले तैयार हो रहे है। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, पॉलिटेक्निक कॉलेज, धरणीधर खेल मैदान, मुरली मनोहर मैदान पर दशहरा महोत्सव के आयोजन होंगे। महोत्सव को लेकर एक बार फिर दशानन परिवार हुंकार भरने के लिए तैयार हो रहा है। दशहरा के लिए कारीगर पुतलों को तैयार करने में दिन रात जुटे हुए है। दशहरा कमेटियां मुख्य समारोह सहित सचेतन झांकियां निकालने की तैयारियों में भी जुटी हुई है।
शंखनाद से गूंजेगा धरणीधर

धरणीधर दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले दशहरा महोत्सव के दौरान रावण के पुतले का दहन शंखनाद के बीच होगा। शंख ध्वनि और जयश्री राम के जयघोष के बीच रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद का अहंकार धूं-धू कर जल उठेगा। कमेटी के राजेश चूरा के अनुसार इस बार रावण के पुतले के दहन के साथ ही महोत्सव स्थल पर शंखनाद किया जाएगा। कमेटी अध्यक्ष के अनुसार मैदान को सजाने और लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए है। पुख्ता पुलिस जाब्ता मौजूद रहेगा। रावण का दहन रात्रि 8 बजे होगा। धरणीधर ट्रस्ट अध्यक्ष नंद कुमार आचार्य के अनुसार इस बार शंखनाद को उत्सव का मुख्य हिस्सा बनाया गया है। भव्य आतिशबाजी होगी। कमेटी के दुर्गा शंकर आचार्य, जगमोहन आचार्य, नरेश आचार्य, मालचंद, सुनील रामावत, फूसाराम, बीडी आचार्य आदि सदस्य मैदान में विभिन्न व्यवस्थाओं को जिम्मा संभाले हुए है।
65 से 85 फीट ऊंचे पुतले

दशहरा महोत्सव के लिए रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले बनाए जा रहे है। इन पुतलों का आकार 65 से 85 फीट तक ऊंचा है। इनके सिर पर विशाल मुकुट लगाए जा रहे है। सैकड़ों पटाखों को इन पुतलों में रखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कारीगर इन पुतलों को तैयार कर रहे है। भीनासर दशहरा महोत्सव के लिए रावण के पुतले को स्थानीय निवासी ही तैयार कर रहे है।
निकलेगी 21 झांकियां

बीकानेर दशहरा कमेटी की ओर से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले शहर में सचेतन झांकियां निकाली जाएगी। कमेटी अध्यक्ष सुनीत झांब के अनुसार इस बार कमेटी की ओर से 21 सचेतन झांकियां निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई महोत्सव स्थल पहुंचेगी। झांकियों के लिए कमेटी कार्यालय तनेजा धर्मशाला में रविवार को पात्रों का चयन किया गया। मुकेश धुरिया,वीरेन्द्र चावला, संजय झांब, कबीर झांब की टीम ने पात्रों का चयन किया। पात्रों के चयन के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। 21 झांकियों के लिए 150 पात्रों का चयन किया गया। कमेटी अध्यक्ष के अनुसार दशहरा महोत्सव पर कमेटी की ओर से इस बार भगवान गणेश, मां दुर्गा, शिव -पार्वती, राधा-कृष्ण, राम दरबार, रामेश्वर पूजा, रावण दरबार, राम लक्ष्मण भरत व शत्रुघ्न घोड़े पर सवार, कुंभकरण व मेघनाद, लव कुश, सीता हरण, गुरु आश्रम, विष्णु लक्ष्मी, हनुमान प्रभु सिमरन करते हुए, राम लक्ष्मण युद्ध करते सहित कुल 21 झांकियां निकाली जाएगी।

Hindi News / Bikaner / फिर हुंकार भरने को तैयार हो रहा दशानन का परिवार

ट्रेंडिंग वीडियो