scriptराशि के अनुसार पहनें रुद्राक्ष, दूर होगी परेशानियां और यश की होगी प्राप्ति | wear Rudraksh According to your rashi | Patrika News
भोपाल

राशि के अनुसार पहनें रुद्राक्ष, दूर होगी परेशानियां और यश की होगी प्राप्ति

राशि के अनुसार रुद्राक्ष धारण करने से प्राप्त होता है शुभ फल

भोपालApr 20, 2018 / 02:53 pm

rishi upadhyay

राशि के अनुसार रुद्राक्ष

भोपाल। हिन्दू शास्त्रों में रुद्राक्ष को बहुत ज्यादा पवित्र माना जाता है। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार शिव के आंसुओं से ही रुद्राक्ष के पेड़ की उत्पत्ति हुई थी। रुद्राक्ष इंसान को हर तरह की हानिकारक ऊर्जा से बचाता है। इसका इस्तेमाल सिर्फ तपस्वियों के लिए ही नहीं, बल्कि सांसारिक जीवन में रह रहे लोगों के लिए भी किया जाता है। इसलिए यदि आप अपनी राशि के अनुसार रुद्राक्ष को पहनते है तो यह आपके जीवन में काफी बदलाव लाता है, मानसिक तनाव भी दूर करता है। रुद्राक्ष की खासियत यह है कि इसमें एक अनोखे तरह का स्पदंन होता है। जो आपके लिए आप की ऊर्जा का एक सुरक्षा कवच बना देता है, जिससे बाहरी ऊर्जाएं आपको परेशान नहीं कर पातीं।

राशि के अनुसार क्यों पहनें रुद्राक्ष

ज्‍योतिषशास्‍त्र के अनुसार प्रत्‍येक राशि का एक स्‍वामी ग्रह है और उस ग्रह से एक रुद्राक्ष संबंधित है। अगर कोई व्‍यक्‍ति अपनी राशि अनुसार रुद्राक्ष धारण करता है तो उसे इसके दोगुने फल प्राप्‍त होते हैं। कहा जाता है की यदि राशि के अनुसार रुद्राक्ष धारण करने से शुभ फल प्राप्त होता है। आज हम आपको लग्‍न राशि के अनुसार रुद्राक्ष धारण करने के बारे में बता रहे हैं। अगर आप अपनी लग्‍न राशि के आधार पर रुद्राक्ष को धारण करेंगें तो आपके जीवन के सारे कष्‍ट और विपत्तियां दूर हो जाएंगीं।

 

राशि के अनुसार रुद्राक्ष
जानिए किस राशि के जातकों को पहनना चाहिए कौन सा रुद्राक्ष

मेष राशि : मंगल ग्रह मेष राशि का स्वामी है। इस राशि के जातकों पर मंगल ग्रह का व्यापक प्रभाव होता है, ऐसे में उन्हें 3 मुखी रुद्राक्ष धारण करना चाहिए।
वृषभ राशि : इस राशि के स्‍वामी शुक्र देव हैं और ये भौतिक सुख और ऐश्‍वर्य प्रदान करते हैं। वहीं शुक्र ग्रह के प्रभाव वाले वृषभ राशि के जातकों के लिए 6 मुखी रुद्राक्ष काफी लाभदायक माना जाता है।
मिथुन राशि : राशि स्‍वामी बुध है और बुध को बुद्धि का कारक माना जाता है। मिथुन राशि के लोग परिवर्तन और गतिशील स्‍वभाव के होते हैं। मिथुन राशि के जातकों को सफलता और धन की प्राप्‍ति के लिए 4 मुखी रुद्राक्ष धारण करना चाहिए। यह उनके लिए शुभाशुभ फल प्रदान करता है।
कर्क राशि : राशि स्‍वामी चंद्रमा होता है जोकि मन का कारक है। चंद्रमा मन को स्थिरता प्रदान करता है। ये लोग अपने कार्यों को पूरी निपुणता से करते हैं और इसीलिए इन्‍हें उसमें सफलता भी मिलती है। कर्क राशि के जातकों को 4 मुखी और गौरी शंकर रुद्राक्ष धारण करने से लाभ होगा।
सिंह राशि : राशि स्‍वामी सूर्य देव हैं, वहीं सिंह राशि पर सूर्य का व्यापक प्रभाव होता है। सिंह राशि के जातकों को 5 मुखी रुद्राक्ष धारण करना चाहिए। यह उनके स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक साबित होता है।
कन्या राशि : राशि का स्‍वामी भी बुध ग्रह है। बुध के शुभ प्रभाव में जातक बुद्धिमान बनता है और उसके द्वारा लिए गए सभी निर्णय सही साबित होते हैं। इस राशि के जातकों के लिए 14 रुद्राक्ष शुभ फलदायक माना जाता है।
तुला राशि : राशि का स्‍वामी शुक्र है जोकि जीवन में भौतिक सुख प्रदान करते हैं।इस राशि के लोग हर निर्णय से पूर्व बहुत सोच-विचार करते हैं। तुला राशि के जातकों को 7 मुखी रुद्राक्ष पहनने से सर्वसुख की प्राप्‍ति होगी।
वृश्चिक राशि : राशि का स्‍वामी मंगल ग्रह है जोकि बहुत आक्रामक माना जाता है, इस राशि के लोग बहुत बुद्धिमान होते हैं। मंगल ग्रह से संचालित वृश्चिक राशि के जातकों को 8 मुखी और 13 मुखी रुद्राक्ष धारण करने से शुभ फल की प्राप्‍ति होती है
धनु राशि : राशि का स्‍वामी बृहस्‍पति है इस राशि के जातकों पर बृहस्पति ग्रह का व्यापक प्रभाव पड़ता है, इस राशि के लोग साहसी और उग्र स्‍वभाव के होते हैं। इन्हें पांच मुखी रुद्राक्ष धारण करना चाहिए।
मकर राशि : राशि का स्‍वामी शनि देव हैं जिस पर शनि देव की कृपा हो जाए उसके वारे न्‍यारे हो जाते हैं अर्थात् उसके सारे बिगड़े काम बन जाते हैं। इन्हें 7 मुखी और 14 मुखी रुद्राक्ष धारण करना चाहिए।
कुंभ राशि : राशि का स्‍वामी भी शनि देव है। कुंभ राशि के लोग बहुत ऊंचे और बड़े सपने देखते हैं लेकिन ये उन सपनों को पूरा करने का दम भी रखते हैं। इस राशि के जातकों के लिए 7 मुखी रुद्राक्ष बहुत फायदेमंद रहता है।
मीन राशि : राशि का स्‍वामी बृहस्‍पति है, इस राशि के जातकों का स्‍वास्‍थ्‍य अकसर खराब रहता है। मीन राशि के जातकों को 5 मुखी रुद्राक्ष पहनना चाहिए।

Hindi News / Bhopal / राशि के अनुसार पहनें रुद्राक्ष, दूर होगी परेशानियां और यश की होगी प्राप्ति

ट्रेंडिंग वीडियो