scriptकौन होंगे MP के नए Chief Secretary अनुराग जैन या राजेश राजौरा… घोषणा आज | mp new chief secretary who win the cs race after veera rana anurag jain or rajesh rajora | Patrika News
भोपाल

कौन होंगे MP के नए Chief Secretary अनुराग जैन या राजेश राजौरा… घोषणा आज

MP New Chief Secretary: शाम से पहले राज्य को नया सीएस मिलना लगभग तय है। कौन होगा, अभी तय नहीं है। इस पर केंद्र व राज्य के बीच लंबा मंथन चल रहा है। इसी मंथन में अंतिम नाम झूल रहा है। आखिर कौन होगा मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव?

भोपालSep 30, 2024 / 08:31 am

Sanjana Kumar

mp new cs

एमपी की CS वीरा राणा का आज कार्यकाल पूरा हो रहा, नए सीएस की लिस्ट में अनुराग जैन और राजेश राजौरा का नाम सबसे आगे..

MP New Chief Secretary: प्रदेश की प्रशासनिक मुखिया मुख्य सचिव (सीएस) वीरा राणा की दूसरी पारी सोमवार को खत्म हो जाएगी। शाम से पहले राज्य को नया सीएस मिलना लगभग तय है। कौन होगा, अभी तय नहीं है। इस पर केंद्र व राज्य के बीच लंबा मंथन चल रहा है। इसी मंथन में अंतिम नाम झूल रहा है।
15 दिनों से जारी मंथन के बीच रविवार देर रात तक फोन घनघनाते रहे। वैसे तो मुख्यमंत्री कार्यालय में एसीएस डॉ. राजेश राजौरा, एसीएस गृह एसएन मिश्रा और केंद्र में प्रतिनियुक्त वरिष्ठ आइएएस अनुराग जैन का नाम दौड़ में बताया जा रहा है। प्रबल संभावना राजौरा व मिश्रा में से किसी एक की है, लेकिन राजस्थान व बिहार मॉडल चला तो अनुराग दोनों पर भारी रहेंगे।
वहीं, वीरा ने भी एक और सेवावृद्धि की उम्मीद नहीं छोड़ी है। सरकार ने राणा को इकबाल बैंस के रिटायर्ड होने के बाद 30 नवंबर 2023 को प्रभार सौंपा था, फिर स्थाई जिम्मेदारी दी। 31 मार्च को कार्यकाल खत्म हो रहा था, 6 माह की सेवावृद्धि दी। जैन, राजौरा, मिश्रा पर सहमति नहीं बनी तो राणा को 3 माह का विस्तार मिल सकता है।

राजस्थान-बिहार मॉडल चले तो अनुराग सबसे भारी

बिहार में मीना

1989 बैच के आइएएस अमृतलाल मीना 1 सितंबर 2024 को नए सीएस बनाए गए। वे केंद्र में कोयला मंत्रालय में सचिव थे। राज्य में और भी अफसर दौड़ में थे।

राजस्थान में पंत

1991 बैच के आइएएस सुधांशु पंत 1 जनवरी 2024 को राजस्थान के सीएस बनाए गए। वे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में सचिव थे। ऐन वक्त पर केंद्र ने पंत को भेजा। पंत ने 6 अफसरों को ओवरटेक किया।

दूसरी महिला मुख्य सचिव बनने का सफर

  • 1988 में आइएएस बनीं।
  • विदिशा, जबलपुर और अविभाजित मध्य प्रदेश के महासमुंद जिले में कलेक्टर रहीं।
  • 1 दिसंबर 2023 को दूसरी महिला मुख्य सचिव के तौर पर काम संभाला। पहली महिला सीएस निर्मला बुच थीं।
  • 31 मार्च 2024 को 6 माह का पहला कार्यकाल पूरा किया।
  • इसी दिन 6 माह का सेवा विस्तार मिला, यह आज 30 सितंबर 2024 को पूरा हो गया है।

इन अफसरों की ताकत और कमजोरी

1. अनुराग जैन

ताकत: 1989 बैच के हैं। लंबे समय से केंद्र में। केंद्र-राज्य में समन्वय की अच्छी समझ, सूबे की बात केंद्र में मजबूती से रखने का अनुभव है।
कमजोरी: 10 माह बाद रिटायर हो जाएंगे। लंबे समय से प्रदेश से बाहर हैं।

2. डॉ. राजेश राजौरा

ताकत: 1990 बैच के आइएएस हैं। एसीएस सीएमओ होने के नाते सीएम के करीबी, रिटायरमेंट में 3 साल से अधिक का समय है।
कमजोरी: अनुराग जैन से कनिष्ठ, मो. सुलेमान, विनोद कुमार,जेएन कंसोटिया भी सीनियर।

3. एसएन मिश्रा

ताकत: 1990 बैच के हैं। गृह विभाग की जिम्मेदारी है। यह विभाग सीएम के पास है। मुद्दों की गहरी समझ, संघ विचारधारा से जुड़े बताए जाते हैं।
कमजोरी: अनुराग जैन, डॉ. राजेश राजौरा से जूनियर हैं। कुछ ही माह में रिटायर होने वाले हैं।

Hindi News / Bhopal / कौन होंगे MP के नए Chief Secretary अनुराग जैन या राजेश राजौरा… घोषणा आज

ट्रेंडिंग वीडियो