– शहर में पेयजल संकट, खरीद कर पी रहे लोग
बस्सी. शहर में एक ओर पानी की किल्लत है, दूसरी ओर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पाइप लाइन आए दिन लीक हाेने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है। शहर के तूंगा रोड पर शिव कॉलोनी के सामने बुधवार सुबह पेयजल की पाइप लाइन लीक होने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया है।
जलदाय विभाग के अधिकारियों को इस पाइप लाइन के लीक होने से हजारों लीटर पानी बहने के बाद भी पता नहीं चल पाया, बाद में जब दोपहर को विभागीय अधिकारियों को पता चला तब जाकर उसकी मरम्मत करवाई गई। जानकारी के अनुसार शहर के तूंगा रोड पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पाइप लाइन में पानी की सपलाई चालू की तो शिव कॉलोनी के सामने तूंगा रोड पर लीक पाइप लाइन से करीब 200 मीटर तक पानी सड़क के किनारे बह कर चला गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पाइप लाइन लीक होने से हजारों लीटर पानी बह गया, इसके बाद भी विभाग को कोई कर्मचारी नहीं आया। जबकि शहर के तूंगा रोड पर कई कॉलोनियों में पेयजल की भारी किल्लत है। लोगों ने बताया कि विभाग की लापरवाही से लोगों को टैंकरों एवं कैम्परों से पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है।
कई कॉलोनियों बीस साल से नहीं पहुंच पाया पानी… शहर की शिव कॉलोनी निवासी आशीष नामावत ने बताया कि शिव कॉलोनी व रंगोली नगर में जलदाय विभाग ने पाइप लाइन भी बिछा रखी है, फिर बीस साल से उनकी कॉलोनियों में पेयजल सप्लाई नहीं हो रही है। जबकि अब तो शहर में पेयजल की शहरी योजना संचालित है, फिर भी पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। लोगों को कहना है कि शहर में यही नहीं कई कॉलोनियों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। (कासं.)
इनका कहना है…. शहर के तूंगा रोड पर नल कनेक्शन के लिए गड्डा खोदा था, उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नहीं लिए। उस जगह से पाइप लाइन लीक होने से पानी निकल गया। अब पाइप लाइन को ठीक करवा रहे हैं। – नन्द किशोर मीना, सहायक अभियंता जलदाय विभाग बस्सी।