
पुराने भवन में आवश्यक कार्य ही कराएं
baran medical college बारां. जिलस मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए अब अगले सप्ताह सीपीआर पर दस्तखत होंगे। इसके बाद जिला चिकित्सालय के अदानी ब्लॉक व पुराने भवन के प्रथम तल पर लगभग 50 बेड का हॉस्प्पिटल, प्रशानिक विंग व 200 सीटिंग के हॉस्पिटल लेक्चर थियेटर (कालांश कक्ष) का निर्माण शुरू होगा। पहले फेज के इस निर्माण पर करीब 8 करोड़ रुपए की लागत प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा मेलखेड़ी छापर पर मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण भी जल्द शुरू कराने के प्रयासों को भी गति दे दी गई है। इसका शिलान्यास भी जल्द होगा।
शनिवार को बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल, जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. सीपी मीणा व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र मीणा ने पुराने भवन के प्रथम तल पर बनाए जाने वाले 50 बेड के प्रशासनिक व नए वार्ड की जगह तथा 200 बैठक क्षमता के हॉस्पिटल लेक्चर थियेटर के प्रस्तावित जगह का अवलोकन किया। इनका निर्माण अब आगामी सप्ताह में वरिष्ठ आईएएस शिवांगी स्वर्णकार की अध्यक्षता में गठित राज्य स्तरीय समिति की हरी झंडी मिलने के बाद शुरू हो जाएगा। इसकी सीपीआर पर नोडल अधिकारी डॉ. मीणा व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डा. राजेन्द्र जयपुर में हस्ताक्षर करेंगे। विधायक मेघवाल व कलक्टर गुप्ता ने इस निर्माण के लिए सहमति दे दी है। विधायक व कलक्टर लगभग दो घंटे जिला चिकित्सालय में रहे।
आवश्यक कार्य ही कराएं
विधायक मेघवाल व जिला कलक्टर ने सबसे पहले जिला चिकित्सालय के प्रथम तल पर पहुंच वहां निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का अवलोकन किया। भवन की दशा देखने के बाद विधायक मेघवाल ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से कहा कि फिलहाल वे प्रथम तल पर आवश्यक कार्य ही कराएं। बाद में यहां अधिशेष बचने वाली राशि का उपयोग अन्य सुविधाओं में किया जाना चाहिए। नोडल अधिकारी ने बाद में पीपीटी के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों का प्रजेंटेशन भी दिया।
अगले साल शुरू होगी पढ़ाई
मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. सीपी मीणा ने बताया कि जिला चिकित्सालय के पुराने भवन के रिनोवेशन के कार्य कराए जाएंगे। यह कार्य आगामी नवम्बर माह तक पूरे कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिससे वर्ष 2023 में बारां मेडिकल कॉलेज में प्रथम सेमिस्टर शुरू किया जा सके। मेलखेड़ी छापर पर मेडिकल कॉलेज का निमार्ण आगामी माह से शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए अब टेंडर प्रक्रिया चल रही है। मेलखेड़ी छापर पर 173 बीघा जमीन में मेडिकल कॉलेज का निर्माण होगा।
जिला चिकित्सालय में नया भवन
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र मीणा ने बताया कि पुराने भवन के प्रथम तल पर आवश्यक निर्माण के बाद परिसर में जर्जर चिकित्सक व नर्सिंग आवासों को क्षतिग्रस्त कर 250 बेड का नया भवन बनेगा। यह भवन जी प्लस 6 मंजिला होगा। परिसर में लॉन्ड्री, मेडिकल शॉप, पार्किंग समेत, वेस्ट डिस्पोजल यूनिट व एमसीएच के सामने डॉक्टर्स व नर्सिंग हॉस्टल अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
Published on:
05 Feb 2022 07:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
