Patwari Rishwat Viral Video: बलौदाबाजार जिले की टुंडरा तहसील में गिरौद पटवारी रितेश झंवर और उनके असिस्टेंट प्रवीण गुप्ता की रिश्वतखोरी पर पत्रिका ने बुधवार को बड़ा खुलासा किया। कसडोल एसडीएम आरआर दुबे ने मामले में जांच बिठाते हुए पटवारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उधर, खबर छपते ही सुबह से भ्रष्टाचार छिपाने का खेला शुरू हो गया था। पहले जिस किसान से रिश्वत ली गई, उसका नया वीडियो बनाकर वायरल किया गया।
इसमें किसान कह रहा है कि उसने रिश्वत नहीं दी। उधार का पैसा लौटाया है। गांववालों तक जब ये बात पहुंची, तो दोपहर में सब एकजुट होकर किसान के पास पहुंचे। उससे पूछा क्या बात है? झूठा बयान देने के लिए क्या पटवारी की ओर से कोई दबाव बनाया गया? तब असल कहानी सामने आई कि ये सब पटवारी पति के इशारों पर किया गया था। यह जानकर लोगों का गुस्सा और भड़क उठा।
बता दें कि पत्रिका में बुधवार को खबर छपते ही कांड छिपाने की साजिश शुरू हो गई थी। किसान ने गांववालों को बताया कि पटवारी के पति की ओर से उसे फोन आ रहा था कि एक बार मिलने आ जाओ। बाल-बच्चों का हवाला देते हुए उसका कहना था कि हमें बचाओ।
उसने अपने परिचित से वीडियो बनवाया। आगे हकीकत बताते हुए वह कहता है कि वास्तव में वह किसान पंजीयन के लिए पैसे मांग रहा था। मैंने कहा कि 12-1500 रुपए लेकर काम कर दो। फिर भी उसने पूरे 2000 रुपए लिए। इसी वजह से मुझे कहना पड़ा कि हम पार्टी (भाजपा) के लोग हैं। हमारी तो इज्जत कर लिया करो।