bell-icon-header
बागपत

गठबंधन के साइड इफेक्ट! मोदी-योगी की जय नहीं बोलने पर रालोद की जिलाध्यक्ष बर्खास्त

बागपत जिले में भाजपा रालोद की मीटिंग चल रही थी। रालोद की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ने मोदी योगी की जय नहीं बोली तो हंगामा हो गया।

बागपतMar 12, 2024 / 08:23 pm

Shivmani Tyagi

rajasthan_bjp

लोकसभा चुनाव अभी दूर है लेकिन गठबंधन के साइड दिखने लगे हैं। घटना बागपत के कस्बा बड़ौत की है। यहां रालोद और भाजपा की संयुक्त बैठक चल रही थी। बताया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ने मोदी-योगी का जयकारा नहीं लगाया। इसी बात को लेकर हंगामा हो गया। मिटिंग में मौजूद अन्य भाजपाइयों ने इसका विरोध कर दिया। विरोध के दौरान महिला जिलाध्यक्ष ने भी साफ कह दिया कि वह जय नहीं बोल पाएंगी। इससे मामला और बिगड़ने लगा। इस तरह मामला बढ़ता देख रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने मंच से महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष को बर्खास्त करने का एलान कर दिया इसके बाद जिलाध्यक्ष ने भी पार्टी से स्तीफा दे दिया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बर्खास्त किया तो महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ने खुद भी इस्तीफा दे दिया। सिर्फ इस्तीफा ही नहीं दिया बल्कि उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। अब यह स्तीफा तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इस स्तीफे पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। अन्य पार्टियों के पदाधिकारी इसे गठबंधन के साइड इफेक्ट बता रहे हैं।
बागपत के बड़ौत में सोमवार को रालोद और भाजपा के कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग बुलाई गई थी। यहां गठबंधन प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान समेत रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक और भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय समेत दोनों पार्टियों के पदाधिकारी मौजूद थे। मीटिंग का संचालन कर रहे भाजपा नेता बिजेन्द्र शर्मा ने रालोद की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रेणु तौमर को स्पीच के लिए बुलाया। माइक पर आते ही रेणु तौमर ने चौधरी अजित सिंह व चौधरी जयंत सिंह के नारे लगाए लेकिन इनके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ की जय नहीं बोली। इस बारे में कहने पर भी जब मोदी-योगी की जय नहीं बोली तो हंगामा हो गया। इस पर भाजपाई मोदी-योगी की जय बोलते हुए मिटिंग से जाने लगे। किसी तरह रालोद पदाधिकारियों ने मामला संभाला और हंगामे की सूचना उच्च पदाधिकारियों को दी। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने मौके पर रेणु तौमर को बर्खास्त कर दिया। इस बर्खास्तगी के बाद रेणु तौमर ने भी इस्तीफा दे दिया।

Hindi News / Bagpat / गठबंधन के साइड इफेक्ट! मोदी-योगी की जय नहीं बोलने पर रालोद की जिलाध्यक्ष बर्खास्त

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.