script‘वसुंधराजी आप उन पर इतनी नाराज क्यों होती हैं, उन्हें तो एक परिवार की सेवा करनी है’ | PM Modi in Ajmer Highlights in Hindi | Patrika News
अजमेर

‘वसुंधराजी आप उन पर इतनी नाराज क्यों होती हैं, उन्हें तो एक परिवार की सेवा करनी है’

www.patrika.com/rajasthan-news/

अजमेरOct 07, 2018 / 10:39 am

Santosh Trivedi

PM Modi in Ajmer Highlights

‘वसुंधराजी आप उन पर इतनी नाराज क्यों होती हैं, उन्हें तो एक परिवार की सेवा करनी है’

अरविन्द सिंह शक्तावत
अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान से चुनावी शंखनाद कर दिया। उन्होंने कहा, परिवार की परिक्रमा करने वाले कांग्रेसी क्या जनता का भला करेंगे। कांग्रेस के नेता एक परिवार की आरती उतारते हैं, परिक्रमा करते हैं और राजनीति करते हैं। वही परिवार उनका हाईकमान है जबकि भाजपा का हाईकमान जनता है।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा के समापन पर आयोजित सभा में अजमेर पहुंचे मोदी ने कांग्रेस को वोट बैंक की राजनीति करने वाली पार्टी बताया। करीब 50 मिनट का उनका भाषण ‘वोट बैंक की राजनीति’ पर ही केंद्रित रहा। मोदी ने कहा कि देश में वोट बैंक की राजनीति की जा रही है। कभी हिंदू-मुस्लिम, कभी अगड़े-पिछड़े, जाति-बिरादरी, शहर-गांव और अमीर-गरीब का खेल, कभी स्त्री-पुरुष की राजनीति कर देश के टुकड़े करने का काम होता रहा। लड़ाने की राजनीति करते रहे।
वोट बैंक की राजनीति चुनाव के समय ही नहीं, हर समय हो रही है। यह पूरी व्यवस्था को तबाह कर देती है। वोट बैंक की राजनीति करने से आधी ब्यूरोक्रेसी काम नहीं करती। वोट बैंक की राजनीति करने वालों को अब घुसने नहीं देना चाहिए। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वे झूठ बोलते हैं, झूठ ही उन्हें जीने की ताकत देता है। विकास की राजनीति कांग्रेस को मंजूर नहीं है। देश की प्रगति से कोई लेना देना नहीं है। विकास के मुद्दों पर चर्चा करने की उनमें हिम्मत नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तोडऩा सरल है, जोडऩे के लिए जिंदगी लगानी पड़ती है। हम जोडऩे वाले हैं। हम किसी को पीछे नहीं रहने देते। हम अपना लेखा-जोखा देते हैं। बड़ी मुश्किल से देश ने दिशा पकड़ी है। उन्होंने कहा कि बिजली को लेकर पूरे देश में काम हुआ। महात्मा गांधी के जन्म शताब्दी वर्ष तक हर परिवार तक बिजली पहुंच जाएगी। तीन तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहनों की सुरक्षा के लिए कानून लेकर आए।
मोदी का गहलोत पर परोक्ष हमला:
मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लिए बिना कहा, राजस्थान के कांग्रेस के नेता विधानसभा में आते नहीं, जनता के सवाल उठाते नहीं, बहस करते नहीं। मोदी ने मुख्यमंत्री की ओर मुखातिब होते हुए कहा, वसुंधराजी आप उन पर इतनी नाराज क्यों होती हैं, उन्हें तो एक परिवार की सेवा करनी है। राजस्थान की 7.50 करोड़ जनता की सेवा के लिए तो हम हैं। उनका हाईकमान तो एक परिवार है। उनका काम, उनकी राजनीति तो एक परिवार की सेवा करने से चल जाएगी। हमारा हाईकमान राजस्थान की साढ़े सात करोड़ जनता है, हमें जनता की सेवा करनी है।
अठै ब्रह्मा स्वयं विराजे हैं:
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत राजस्थानी अंदाज में करके वाही-वाही लूटी। उन्होंने जैसे ही ठेठ राजस्थानी बोली में भाषण शुरू किया पूरा सभा स्थल तालियों और मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। मोदी बोले, अठै ब्रह्मा स्वयं विराजे हैं, वीर तेजाजी री भूमि जठै, बठै सब लोग इत्ती घणी संख्या म पधार्या, या देख म्हारो जीव खूब सोरो हुयो, थां सबला न म्हारो घणो-घणो नमन…।
सैनी के साथ स्कूटर पर बैठकर किया संगठन का काम:
मैं वही नरेन्द्र मोदी हूं जो कभी सैनी जी के साथ स्कूटर पर बैठकर संगठन का काम करता था।

कांग्रेस के नेता चुनाव के समय ही दिखते हैं:
सीएम राजे ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, इनके नेता चुनाव के समय ही दिखते हैं। हमने 5 साल में जो काम किया, वह कांग्रेस ने 50 साल में भी नहीं किया। किसानों का कर्जा माफ किया, लाखों जवानों को रोजगार दिलाया। बिजली व्यवस्था के लिए 40 हजार करोड़ खर्च किए।

Hindi News/ Ajmer / ‘वसुंधराजी आप उन पर इतनी नाराज क्यों होती हैं, उन्हें तो एक परिवार की सेवा करनी है’

ट्रेंडिंग वीडियो